राजस्थान में अब गर्मी का सितम खत्म होने की कगार पर है. मौसम विभाग के अनुसार 2 से 3 जुलाई के दौरान पूर्वी राजस्थान में मानसून के प्रवेश की संभावना है. इसके साथ ही राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का सिलसिला शुरू हो चुका है. भरतपुर में कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस के बाद बुधवार सुबह 6 बजे हुई झमाझम बारिश ने मौसम सुहाना कर दिया. अचानक बदले मौसम और तापमान में गिरावट से लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है.
आज यानि 1 जुलाई को भी कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं 3 से 6 जुलाई के बीच पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में अच्छी बारिश के साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान है. आइए जानते हैं आपके इलाके में इंद्र देव कब मेहरबान होंगे और मानसून की एंट्री पर क्या अपडेट है.
मौसम विभाग ने 1 जुलाई के लिए भरतपुर, करौली, धौलपुर, सवाई माधोपुर, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़, टोंक, दौसा, अलवर और डीग जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है.
2 से 3 जुलाई के बीच राजस्थान में मानसून की एंट्री
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से आने वाली मानसूनी हवाएं अगले 3 से 4 दिनों में एक्टिव होंगी. इसके प्रभाव से 2 से 3 जुलाई के दौरान दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में मानसून के प्रवेश की प्रबल संभावना है. इससे राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा.
राजस्थान के किन जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट
2 जुलाई से उदयपुर, कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कई जिलों में आंधी और बारिश की बढ़ोतरी होगी. इसके बाद 3 से 6 जुलाई के दौरान बारिश का दायरा और बढ़ने की संभावना है. इस दौरान कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है.
पश्चिमी राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम
बारिश का इंतजार कर रहे पश्चिमी राजस्थान के लोगों के लिए अच्छी खबर है. मौसम विभाग के अनुसार जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में 3 से 4 जुलाई से आंधी और बारिश शुरू हो सकती है. वहीं 3 से 6 जुलाई के बीच कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है.