राजस्थान में डीग जिले के मदरसे में बड़ा हादसा हो गया. सेप्टिक टैंक को साफ करते वक्त 13 छात्राएं टैंक में गिर गईं. दिल दहला देने वाला मामला गोपालगढ़ क्षेत्र का है. यहां 'मिल के मदरसे' में हादसे के दौरान 17 वर्षीय एक छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई. मृतका रोहिन हरियाणा के साकरस गांव की रहने वाली है. पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जबकि अन्य 12 घायल छात्राओं का इलाज अस्पताल में जारी है.
सीढ़ियां टूटने से हुआ हादसा
पुलिस एसपी शरण कांबले ने बताया कि मदरसे में साफ-सफाई का काम चल रहा था. छात्राएं खुद टैंक के अंदर उतरकर काम कर रही थीं, जबकि कुछ छात्राएं टैंक के ऊपर खड़ी थीं. इसी दौरान अचानक सीढ़ियां टूट गईं, जिससे ऊपर और नीचे मौजूद सभी छात्राएं गहरे टैंक में जा गिरीं. टैंक के भीतर बच्चियों की चीख-पुकार सुनकर दौड़े मदरसा कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला.
संचालक के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर मयंक मनीष और एसपी शरण गोपीनाथ भारी पुलिस जब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. एसपी ने साफ शब्दों में कहा कि छात्राओं से इस तरह का जोखिम भरा काम कराना बेहद गंभीर लापरवाही है. इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
यह भी पढ़ेंः 2028 चुनाव की तैयारी या संगठन मजबूती? सचिन पायलट की राजस्थान में बढ़ती सक्रियता के क्या मायने?