Weather Update Today: उत्तर और मध्य भारत इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है. थार रेगिस्तान और पाकिस्तान की ओर से आ रही सूखी, गर्म हवाओं ने दिल्ली-एनसीआर से लेकर पूरे राजस्थान तक आफत मचा रखी है. मौसम विभाग (IMD) ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अगले 5 दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) जारी किया है.
मरुधरा में रिकॉर्ड तोड़ पारा, चित्तौड़गढ़ सबसे गर्म
राजस्थान में पिछले तीन-चार दिनों से दिन और रात दोनों का तापमान लगातार बढ़ रहा है. पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में भयंकर लू (Heatwave) चल रही है, जिसने आम जनजीवन को प्रभावित किया है. इस सीजन में चित्तौड़गढ़ 46.3 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म इलाका दर्ज किया गया है. इसके अलावा श्रीगंगानगर में पारा 45.9 डिग्री, अलवर में 45.8 डिग्री और पीलानी में 45.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ.
इन इलाकों में रातें भी रहेंगी बेहद गर्म
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, बीकानेर मंडल, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर के उत्तरी जिलों के साथ-साथ भरतपुर और कोटा मंडलों में फिलहाल राहत के कोई आसार नहीं हैं. इन क्षेत्रों में अगले 4-5 दिनों तक दिन का तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा. बड़ी बात यह है कि रात का तापमान भी सामान्य से दो-तीन डिग्री अधिक रहने के कारण लोगों को चौबीसों घंटे उमस और तपिश का सामना करना पड़ेगा.
VIDEO | Jaipur: Rajasthan reels under blistering heat as an orange alert is issued for the Bikaner division. Jaipur IMD Director Radhe Shyam Sharma says, “Over the past three to four days, both day and night temperatures have continuously increased in Rajasthan. At present,… pic.twitter.com/WK82NxyDQC
— Press Trust of India (@PTI_News) May 19, 2026
दिल्ली में सीजन की पहली भीषण लू, 46.5 डिग्री पर पहुंचा कांटा
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी मंगलवार को इस महीने की सबसे कड़क धूप और लू महसूस की गई. शुष्क हवाओं के चलते शहर के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग और पालम में अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 4.7 डिग्री अधिक है. वहीं, दिल्ली के रिज स्टेशन ने गर्मी के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए, जहां पारा 46.5 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह साल 2024 के बाद से मई महीने का सबसे गर्म दिन है.
रेगिस्तानी हवाओं ने दिल्ली को बनाया भट्टी
दिल्ली में अचानक बढ़ी इस तपिश के पीछे मौसम विशेषज्ञों ने उत्तर-पश्चिमी हवाओं को जिम्मेदार ठहराया है. पिछले कुछ दिनों से ये हवाएं राजस्थान के थार रेगिस्तान और मध्य पाकिस्तान के विशाल शुष्क इलाकों से गुजरते हुए दिल्ली पहुंच रही हैं. बेहद शुष्क होने के कारण ये हवाएं गर्मी को सतह के करीब ही बांध देती हैं, जिससे पूरा शहर भट्टी की तरह तपने लगता है. अनुमान है कि अगले एक सप्ताह तक मौसम का यह मिजाज ऐसा ही बना रहेगा.
गर्मी के साथ प्रदूषण की मार, पूरे NCR में GRAP-1 लागू
चिलचिलाती धूप के बीच दिल्ली-एनसीआर के लोगों को अब प्रदूषण का डबल अटैक भी झेलना पड़ रहा है. शुष्क मौसम के कारण वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) बढ़कर 208 यानी 'खराब' श्रेणी में पहुंच गया है. इसके मद्देनजर वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने पूरे एनसीआर में तत्काल प्रभाव से 'ग्रैप का पहला चरण' (GRAP-1) लागू कर दिया है, ताकि प्रदूषण को और बढ़ने से रोका जा सके.
ये भी पढ़ें:- राजस्थान में 17 IPS अधिकारियों के तबादले, 7 जिलों के बदले गए SP