धौलपुर: फर्जी फर्म बनाकर कर दी 12 करोड़ से ज्यादा की ठगी, 43 हजार का इनामी ठग दिल्ली से गिरफ्तार

राजस्थान में धौलपुर पुलिस ने 6 साल से फरार 43 हजार के इनामी ठग को दिल्ली से गिरफ्तार किया. आरोपी ने करीब 200 लोगों से 12 करोड़ से ज्यादा की ठगी की थी. फर्जी फर्म और निवेश के नाम पर लोगों को निशाना बनाता था.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
राजस्थान में धौलपुर पुलिस ने 6 साल से फरार 43 हजार के इनामी ठग को दिल्ली से गिरफ्तार किया.

Rajasthan News: राजस्थान के धौलपुर जिले की निहालगंज थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए करोड़ों की ठगी करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है. करीब 6 साल से फरार चल रहे 43 हजार रुपए के इनामी ठग अमित गौतम को पुलिस ने दिल्ली के लाजपत नगर से दबोच लिया.

200 लोगों से करोड़ों की ठगी

पुलिस के अनुसार आरोपी अमित गौतम अब तक करीब 200 लोगों को अपना शिकार बना चुका है. उसने 12 करोड़ 69 लाख रुपए की धोखाधड़ी को अंजाम दिया है. आरोपी के खिलाफ जयपुर और उदयपुर समेत कई जगहों पर लगभग 20 मामले दर्ज हैं.

Advertisement

फर्जी फर्म बनाकर करता था ठगी

जांच में सामने आया कि अमित गौतम ने वैभव एंटरप्राइजेज समेत कई फर्जी फर्म बना रखी थीं. इन फर्मों के जरिए वह लोगों को निवेश के नाम पर झांसा देता था. पैसा जमा करवाने के बाद वह संपर्क तोड़ देता था.

ऐसे जीतता था लोगों का भरोसा

आरोपी मेडिकल की पढ़ाई कर चुका है, इसलिए वह खासतौर पर मेडिकल स्टूडेंट्स, डॉक्टर, इंजीनियर और व्यापारियों को निशाना बनाता था. शुरुआत में कम रकम पर ज्यादा ब्याज देकर लोगों का भरोसा जीतता और बाद में बड़ी रकम निवेश करवाकर फरार हो जाता था.

जमीन और लोन का देता था झांसा

अमित गौतम ग्रामीण क्षेत्रों में सस्ती जमीन दिलाने का लालच देता था. साथ ही बैंक से लोन दिलाने का भरोसा भी दिलाता था. लोगों का विश्वास जीतने के बाद वह अलग-अलग खातों में पैसा जमा करवाता और फिर गायब हो जाता था.

लग्जरी लाइफ जीता था आरोपी

पुलिस के मुताबिक आरोपी बेहद शानो-शौकत की जिंदगी जीता था. महंगी गाड़ियां, मोबाइल और घड़ियों का शौकीन था. खुद को बड़ा कारोबारी और कभी-कभी इंस्पेक्टर बताकर लोगों को प्रभावित करता था.

Advertisement

ईडी भी कर रही थी तलाश

पुलिस अधीक्षक विकास सागवान ने बताया कि आरोपी की तलाश प्रवर्तन निदेशालय भी कर रहा था. फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और अन्य राज्यों में भी उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है.

यह भी पढ़ें- Rajasthan: राजस्थान पुलिस ने CEIR पोर्टल से ढूंढे 35 हजार से ज्यादा मोबाइल, पीड़ितों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

Advertisement