Rajasthan: ट्रेन में गंदगी की शिकायत करने पर यात्री से बदसलूकी? दुरंतो एक्सप्रेस का वीडियो वायरल, जानें आपकी सुरक्षा के क्या हैं नियम

कोटा रेलवे स्टेशन पर दुरंतो एक्सप्रेस के अतिरिक्त कोच में टॉयलेट की गंदगी को लेकर यात्री और रेलवे स्टाफ के बीच तीखी झड़प हो गई. ऑनलाइन शिकायत के बाद भड़के स्टाफ पर यात्री ने मारपीट का आरोप लगाया है. जानें क्या है पूरा मामला.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
कोटा स्टेशन पर दुरंतो एक्सप्रेस में हंगामा, टॉयलेट में गंदगी की शिकायत की तो भड़के रेलकर्मी
NDTV Reporter

Rajasthan News: कोटा रेलवे स्टेशन पर गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब देश की प्रीमियम ट्रेन कही जाने वाली दुरंतो एक्सप्रेस के कोच में गंदगी को लेकर पैसेंजर और रेलवे स्टाफ के बीच जमकर बहस हुई. घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें टीटीई (TTE) और पैसेंजर के बीच धक्का-मुक्की और झड़प साफ देखी जा सकती है.

ऑनलाइन शिकायत पड़ी महंगी: यात्री का आरोप

जानकारी के अनुसार, दुरंतो एक्सप्रेस के एक कोच में टॉयलेट की हालत बेहद खराब थी. गंदगी से परेशान एक यात्री ने रेल मदद या अन्य माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा दी. आरोप है कि शिकायत से नाराज होकर ट्रेन में मौजूद स्टाफ यात्री के पास पहुंचा और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते बहसबाजी झड़प में बदल गई. यात्री का दावा है कि रेलवे स्टाफ ने उसके साथ मारपीट भी की है.

Photo Credit: NDTV Reporter

कोटा स्टेशन पर हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा

यह पूरा घटनाक्रम गुरुवार दोपहर का है जब ट्रेन कोटा स्टेशन पर रुकी थी. वीडियो में यात्री को चिल्लाते हुए और रेलवे स्टाफ पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए सुना जा सकता है. शोर-शराबा सुनकर कोच के अन्य यात्री भी मौके पर जमा हो गए. हालांकि, वीडियो में यह भी नजर आ रहा है कि शिकायत के बाद एक कर्मचारी सफाई उपकरण लेकर कोच में पहुंचा था, लेकिन तब तक विवाद काफी बढ़ चुका था.

कोटा रेल प्रशासन की सफाई

वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए कोटा रेलवे प्रशासन ने अपना पक्ष रखा है. अधिकारियों का कहना है कि दुरंतो एक्सप्रेस में कोटा मंडल का स्टाफ तैनात नहीं रहता है, इसलिए संबंधित स्टाफ से जवाब-तलबी की प्रक्रिया अलग होगी. साथ ही, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि जिस कोच में विवाद हुआ, वह ट्रेन में लगा अतिरिक्त (Extra) कोच था. प्रशासन मामले की तहकीकात कर रहा है कि झड़प की शुरुआत कैसे हुई.

Advertisement
बदसलूकी और गंदगी होने पर क्या हैं आपके अधिकार?

अगर ट्रेन में गंदगी है या कोई रेलकर्मी आपसे बदसलूकी करता है, तो हंगामा करने के बजाय इन सुरक्षा नियमों और कानूनी तरीकों का पालन करें.

  1. आप 139 पर कॉल कर सकते हैं या 'RailMadad' ऐप/वेबसाइट पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं. यहां की गई शिकायत सीधे उच्च अधिकारियों की निगरानी में होती है और स्टाफ को जवाब देना पड़ता है.
  2. यदि कोई रेलकर्मी (टीटीई या कोच अटेंडेंट) आपसे मारपीट करता है, तो आप अगले स्टेशन पर स्थित GRP (Government Railway Police) थाने में 'जीरो एफआईआर' दर्ज करा सकते हैं. आप चलती ट्रेन में भी आरपीएफ (RPF) की मदद मांग सकते हैं.
  3. गंदगी की शिकायत करने पर कोई भी कर्मचारी आपको डरा नहीं सकता. यदि कोई ऐसा करता है, तो आप उस कर्मचारी का नाम और बैच नंबर नोट करें (जो उनकी वर्दी पर होता है) और उसकी फोटो/वीडियो बनाकर रेल मंत्रालय को ट्विटर (@RailMinIndia) पर टैग करें.
  4. हर लंबी दूरी की ट्रेन में कंडक्टर/टीटीई के पास एक Complaint Book (शिकायत पुस्तिका) होती है. आप इसे मांग सकते हैं. इसे देने से मना करना रेलकर्मी के लिए गंभीर अनुशासनात्मक कार्रवाई का कारण बन सकता है.
  5. आज के समय में वीडियो बनाकर रेल मंत्री और डीआरएम (DRM) को टैग करना सबसे तेज असर दिखाता है. लेकिन ध्यान रहे, कानून हाथ में न लें और केवल साक्ष्य (Proof) के लिए वीडियो बनाएं.

ये भी पढ़ें:- खेजड़ी के लिए अनशन तो टूटा पर धरना जारी, अब पूरे राजस्थान में 'ट्री एक्ट' लागू करने की उठी मांग

Advertisement