नागौर के पादूकलां में करीब 5 महीने पुराने हाईवे जाम प्रकरण में पुलिस ने आखिरकार कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस उप-अधीक्षक डेगाना के निर्देश पर पादूकलां थाने में दर्ज रोजनामचा रिपोर्ट के आधार पर सांसद हनुमान बेनीवाल सहित कई नेताओं और समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
हाईवे पर यातायात प्रभावित
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 13 जनवरी 2026 को रियाबड़ी क्षेत्र में आयोजित सभा के दौरान विभिन्न नेताओं ने मंच से आंदोलन तेज करने, रोड जाम करने और जयपुर कूच का आह्वान किया था. इसके बाद बड़ी संख्या में वाहन और समर्थक पादूकलां तिराहे स्थित नेशनल हाईवे-58 पर पहुंचे. आरोप है कि काफिले में शामिल वाहनों ने धीमी गति से चलते हुए हाईवे पर यातायात बाधित किया, और प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना की.
27563034260119 by upendrasingh.9876
कई घंटों तक यातायात प्रभावित
रिपोर्ट में उल्लेख है कि लगभग 150 वाहनों और 200 से 250 लोगों के काफिले के कारण नेशनल हाईवे-58 पर एक तरफा यातायात कई घंटों तक प्रभावित रहा. इस दौरान एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और आम नागरिकों के आवागमन में भी परेशानी होने की बात कही गई है. पुलिस के अनुसार, पादूकलां से थावला (बाड़ी घाटी) टोल तक करीब 28 किलोमीटर मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा.
सीताराम को सौंपी जांच
मामले में सांसद हनुमान बेनीवाल, डॉ. श्रवण चौधरी, महेंद्र चौधरी सहित अन्य नेताओं और समर्थकों के नाम रिपोर्ट में दर्ज किए गए हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस उप-अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश में संबंधित रिपोर्ट पर विधिक कार्रवाई कर उसकी पालना रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजने के निर्देश दिए गए हैं. मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक सीताराम को सौंपी गई है.
यह भी पढ़ें: कांग्रेस के शिविर से गहलोत गैरमौजूद क्यों थे? राहुल गांधी से मुलाकात के बाद लौट गए थे जयपुर