विज्ञापन

हनुमानगढ़ में 13 वर्षीय छात्र की हत्या पर उबाल, बैरिकेड्स उखाड़े पुलिस से धक्का-मुक्की; 10 दिन का अल्टीमेटम

राजस्थान में हनुमानगढ़ के नेठराना गांव में 13 वर्षीय छात्र अभिषेक की हत्या को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा. गोगामेड़ी थाने के घेराव के दौरान बैरिकेड्स उखाड़े गए और पुलिस से धक्का-मुक्की हुई. 

हनुमानगढ़ में 13 वर्षीय छात्र की हत्या पर उबाल, बैरिकेड्स उखाड़े पुलिस से धक्का-मुक्की; 10 दिन का अल्टीमेटम
हनुमानगढ़ में 13 वर्षीय छात्र अभिषेक की हत्या को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा.

Rajasthan News: राजस्थान के हनुमानगढ़ जिला के नेठराना गांव में 13 वर्षीय छात्र अभिषेक की हत्या के मामले को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है. आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुरुवार को बड़ी संख्या में लोग गोगामेड़ी थाना पहुंच गए और थाने का घेराव कर दिया. प्रदर्शन के दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया. गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स उखाड़ दिए और थाने के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया.

पुलिस ने संभाला मोर्चा, स्प्रे के इस्तेमाल से बढ़ा विवाद

स्थिति बिगड़ती देख थाने के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया. हालात पर नजर रखने के लिए बीकानेर रेंज पुलिस के आईजी ओमप्रकाश भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों के साथ स्थिति का जायजा लिया. इसी दौरान बैरिकेड्स हटाने को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई.

भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस ने स्प्रे का छिड़काव किया जिससे कई लोगों की आंखों में जलन की शिकायत सामने आई. ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने मिर्ची स्प्रे का इस्तेमाल किया जबकि कुछ लोगों का कहना है कि आंसू गैस भी छोड़ी गई.

24 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं, बढ़ रहा आक्रोश

ग्रामीणों का कहना है कि छात्र अभिषेक की हत्या को 24 दिन हो चुके हैं लेकिन अब तक पुलिस किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है. इसी वजह से इलाके में लोगों में भारी नाराजगी है और वे लगातार दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.

मामले को लेकर हरिशंकर ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल यानी SIT का गठन किया गया है. पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार जांच कर रही हैं और जल्द ही मामले का खुलासा करने की कोशिश की जा रही है.

10 दिन का समय, नहीं तो होगा चक्काजाम

बताया जा रहा है कि 13 वर्षीय अभिषेक 10 फरवरी की शाम को गांव से लापता हो गया था. अगले दिन 11 फरवरी को उसका शव गांव के एक कुएं में मिला था. इसके बाद से ही गांव में लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं.

गुरुवार का प्रदर्शन इस मामले में तीसरी बार किया गया घेराव था. पुलिस अधिकारियों ने पहले जांच के लिए 15 दिन का समय मांगा था लेकिन ग्रामीण इससे सहमत नहीं हुए. बाद में बातचीत के बाद 10 दिन में आरोपियों को पकड़ने पर सहमति बनी.

आईजी ओमप्रकाश के लिखित आश्वासन के बाद संघर्ष समिति और ग्रामीणों ने फिलहाल घेराव स्थगित कर दिया है. साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसओजी को 30 मार्च तक का समय दिया गया है. संघर्ष समिति ने चेतावनी दी है कि यदि 30 मार्च तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो 31 मार्च को क्षेत्र में चक्काजाम कर आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

यह भी पढ़ें- सेवन वंडर्स हटने के बाद अब 78 करोड़ में मिलेगा आनासागर को पुनर्जीवन, सुप्रीम कोर्ट में चल रहा जमीन का मामला

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close