Jaipur Crime News: पत्नी से झगड़ा हुआ तो 8 महीने की बेटी का कैंची से काट डाला गला, फिर खुद फंदे पर लटक गया 19 साल का पिता

जयपुर में रूह कंपा देने वाली वारदात: 19 साल के पिता ने पत्नी से हुए मामूली झगड़े के बाद अपनी ही 8 महीने की मासूम बेटी का कैंची से गला रेत दिया. नशे में धुत आरोपी ने खुद भी जान देने की कोशिश की. पढ़ें रोंगटे खड़े कर देगी इस 'कलयुगी' पिता की ये खौफनाक दास्तां...

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
SMS अस्पताल से छुट्टी मिलते ही जयपुर पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है.
NDTV Reporter

Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर (Jaipur) से एक ऐसी खबर आई है जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए. मालपुरा गेट थाना इलाके में एक 19 साल के पिता ने अपनी ही 8 महीने की मासूम बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी. नशे में धुत इस कलयुगी पिता ने कैंची से मासूम का गला रेत दिया और फिर खुद भी फंदे पर झूल गया. मानवता को शर्मसार कर देने वाली यह वारदात महज एक मामूली पारिवारिक विवाद की वजह से हुई.

'ससुराल' जाने पर छिड़ा था विवाद

पुलिस के मुताबिक, आरोपी शादाब मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और अपनी पत्नी के साथ जयपुर में रह रहा था. 6 फरवरी की रात पति-पत्नी के बीच ससुराल जाने की बात को लेकर बहस शुरू हुई थी. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि शादाब ने अपनी पत्नी का गला दबाकर उसे भी जान से मारने की कोशिश की. मकान मालिक के दखल के बाद मामला कुछ देर के लिए शांत तो हुआ, लेकिन शादाब के सिर पर खून सवार था. वह शराब के नशे में धुत था और गुस्से में आपा खो बैठा था.

मां से बेटी को छिनकर कमरे में ले गया

पत्नी से विवाद के बाद शादाब अपनी 8 महीने की मासूम बेटी को छीनकर कमरे में ले गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया. मासूम बेटी अपने पिता की गोद में सुरक्षित होने की उम्मीद कर रही होगी, लेकिन शादाब 'हैवान' बन चुका था. उसने कमरे में रखी कैंची उठाई और अपनी ही बेटी का गला रेत दिया.

फिर खुदकुशी करने की भी की कोशिश

बेटी की जान लेने के बाद आरोपी ने कमरे में लगे लोहे के एंगल से मफलर का फंदा बनाया और खुद भी आत्महत्या के लिए लटक गया. जब पत्नी ने कमरा खोला तो मंजर रोंगटे खड़े कर देने वाला था. कंबल में लिपटी उसकी मासूम बेटी खून से लथपथ पड़ी थी.

Advertisement

अस्पताल से डिस्चार्ज होते ही गिरफ्तार

घटना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल ले जाया गया. मासूम बच्ची ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि शादाब को जयपुर के SMS अस्पताल में भर्ती कराया गया. आज जैसे ही डॉक्टरों ने उसे छुट्टी दी, मालपुरा गेट थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.

वजह: शराब का नशा और गृहक्लेश

थानाधिकारी उदयभान ने बताया कि आरोपी की उम्र महज 19 साल है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात की मुख्य वजह शराब का नशा और गृहक्लेश है. फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और उससे पूछताछ जारी है.

Advertisement

ये भी पढ़ें:- झालावाड़ में पत्नी का खूनी इंतकाम, पति के कातिल को दो ननदों के साथ मिलकर खेत में उतार दिया मौत के घाट