Jhalawar News: झालावाड़ के अकलेरा थाना इलाके के मदनपुरिया चुरेल गांव में दो दिन पहले हुई एक युवक की बेरहमी से हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. इस सनसनीखेज घटना में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है. उन पर आरोप है कि एक ने अपने पति की हत्या का बदला लेने के लिए अपनी दो ननदों के साथ मिलकर खूनी साजिश रची और सोची-समझी योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया.
खेत में मिली थी युवक की लाश
पुलिस के मुताबिक, दो दिन पहले मदनपुरिया चुरेल गांव के पास गेहूं के खेत में एक युवक की लाश मिली थी. उसके शरीर पर धारदार हथियार से किए गए कई गहरे घाव मिले थे. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की तो हत्या के पीछे की कड़ियां धीरे-धीरे सामने आने लगीं.
पति की हत्या का बदला लेने की रची साजिश
जांच में पता चला कि आरोपी महिला के पति कालूलाल की करीब पांच साल पहले मृत्तक युवक ने कुछ लोगों के साथ मिलकर हत्या कर दी थी. जिसमें वह जेल भी गया था. बाद में जमानत पर बाहर आने के बाद वह गांव में रह रहा था. पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी महिला अपने पति की हत्या का बदला लेने के लिए काफी समय से मौके की तलाश में थी. जैसे ही आरोपी युवक गांव आया, महिला ने अपनी दो ननदों के साथ मिलकर उसे खत्म करने का प्लान बनाया.
कैसे दिया वारदात को अंजाम
पूछताथ में बताया कि 10 फरवरी की रात तीनों महिलाओं ने मिलकर युवक पर पहले हमला किया. फिर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर शव खेत में फेंक दिया. पकड़े जाने के डर से वारदात के बाद तीनो मौके से फरार हो गईं.
न्यायिक हिरासत में तीनों महिलाएं
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी सबूतों और पूछताछ के आधार पर तीनों महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की. जिसमें तीनों ने हत्या की साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने की बात मान ली. फिलहाल पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
गांव में दहशत और चर्चा का माहौल
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से चल रहे आपसी विवाद ने इस हत्याकांड का रूप लिया. पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.