Rajasthan News Live Updates, 13 february 2026: बीकानेर में 11 दिन से जारी महापड़ाव खत्म हो गया है. स्थानीय लोग खेजड़ी वृक्ष की कटाई को लेकर विरोध में लंबे समय से आंदोलन कर रहे थे. गुरुवार (12 फरवरी) की देर शाम बीकानेर धरना स्थल पर सरकार की ओर से एक प्रतिनिधिमंडल को भेजा गया. मंत्री केके बिश्नोई, बीजेपी उपाध्यक्ष बिहारी बिश्नोई, जसवंत बिश्नोई और पब्बाराम बिश्नोई ने वार्ता की. इसके बाद बड़ा फैसला लिया गया है. सरकार ने पूरे राजस्थान में खेजड़ी कटाई पर रोक को लेकर आदेश जारी किया है. राजस्व सचिव ने लिखित आदेश जारी करते हुए सभी कलेक्टर को आदेश दिए. साथ ही इस संबंध में विधानसभा में बिल भी लाया जाएगा.
वहीं, पिछले कुछ समय से सर्दी के तेवर ढीले पड़ने लगे हैं और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. इसी के साथ कई हिस्सों में गर्माहट का अहसास होने लगा है. फिलहाल दिन का पारा भी 32 डिग्री के करीब पहुंच गया है, जबकि रात में तापमान 5 डिग्री से भी ज्यादा है. राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान चितौडगढ़ में 31.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सीकर के फतेहपुर में 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसी बीच, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में दो नए कमजोर पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbances) दस्तक देने वाले हैं. पहला आज यानी 13 फरवरी से और दूसरा 16 फरवरी से सक्रिय होगा. लाइव ब्लॉग में पढ़िए दिनभर की खबरों से जुड़ी ताजा अपडेट
Rajasthan Breaking News: प्रतापगढ़ में डेढ़ करोड़ की ब्राउन शुगर पकड़ी गई
प्रतापगढ़ में ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत देवगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्विफ्ट कार में स्कीम बनाकर ले जाया जा रही 773 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त किया है. दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है. ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत डेढ़ करोड़ से भी ज्यादा बताई जा रही है.
Rajasthan Breaking News: लाइम स्टोन के अवैध खनन DST की बड़ी कार्रवाई
नागौर जिले के खींवसर में लंबे समय से बड़ी मात्रा में चल रहे लाइम स्टोन के अवैध खनन कार्य को लेकर आज नागौर DST प्रभारी मुकेश यादव के नेतृत्व में प्रेमनगर क्षेत्र के कार्यवाही करते हुए 4 LNT मशीन, 3 JCB मशीन, 4 डंपर सहित मौके से अवैध खनन व परिवहन करते हुए बड़ी संख्या में वाहन जब्त किया है साथ ही 8 लोगों को भी मौके से हिरासत में लिया गया. नागौर DST टीम द्वारा क्षेत्र में बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया गया जिससे अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया है. सभी वाहनों को खींवसर थाना परिसर में खड़ा कर अग्रिम कार्रवाई के लिए खनिज विभाग को सूचित किया गया.

Rajasthan Breaking News: विधानसभा में जल जीवन मिशन में घोटाले की गूंज
राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही के दौरान आज जल जीवन मिशन में कथित घोटाले का मुद्दा जोरदार तरीके से उठा. भाजपा विधायक राजेंद्र मीणा के सवाल पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच नोकझोंक देखने को मिली. जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने जवाब देते हुए कहा कि जल जीवन मिशन में सामने आई गड़बड़ियों को लेकर कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने बताया कि पूर्व जलदाय मंत्री के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है और तत्कालीन अतिरिक्त मुख्य सचिव के खिलाफ एसीबी में मुकदमा दर्ज कराया गया है. मंत्री ने कहा कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.
Rajasthan Breaking News: ब्लास्टिंग से चित्तौड़गढ़ दुर्ग खतरे में होने का मुद्दा विधानसभा में उठा
राजस्थान विधानसभा में बजट बहस के दौरान आज ऐतिहासिक धरोहरों की सुरक्षा और अवैध खनन का मुद्दा प्रमुखता से उठा. भाजपा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने कहा कि उद्योगों की ब्लास्टिंग के कारण चित्तौड़गढ़ दुर्ग में दरारें पड़ने का खतरा बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि राजस्थान अपनी संस्कृति, इतिहास और गौरवशाली परंपराओं के कारण पहचाना जाता है इसलिए धरोहरों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. विश्वराज सिंह ने कहा कि हर शहर की अपनी ऐतिहासिक पहचान होती है और उसे बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है.
Rajasthan Breaking News: 12वीं बोर्ड की परीक्षा देने जा रहे छात्र की दर्दनाक मौत
बालोतरा के धोरीमन्ना उपखंड क्षेत्र के बोर चारणान गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय छात्र की मौत हो गई. मृतक की पहचान महेन्द्र कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार महेन्द्र कुमार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धतरवालों की ढाणी में 12वीं कक्षा का नियमित छात्र था. शुक्रवार सुबह करीब 7:45 बजे वह अपनी पहली बोर्ड परीक्षा देने के लिए मोटरसाइकिल से परीक्षा केंद्र राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बोर चारणान जा रहा था. इसी दौरान डबोई सब माइनर नहर की गोलाई के पास अचानक सामने नीलगाय आ जाने से उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और वह नहर में जा गिरा. पानी में गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची नहर में पड़ी लाश को बाहर निकालकर पहचान की गई.

Rajasthan Breaking News: पाली में भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत
पाली के रानी थाना क्षेत्र में सड़क हादसा , रानी खिमेल मार्ग पर दो बाइक की आमने-सामने हुई भिड़ंत , तीन लोगों की हुई मौत एक गंभीर घायल , तीनों शवों को रखवाया रानींके राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में , गंभीर घायल को पाली किया रेफर , रानी थाना पुलिस पहुंची अस्पताल , परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल.

Rajasthan Breaking News: राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल 10वीं-12वीं का रिजल्ट जारी
राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल, जयपुर द्वारा कक्षा 10 एवं कक्षा 12 की अक्टूबर–नवम्बर 2025 सत्र (स्ट्रीम-2 व पूरक परीक्षा) का परिणाम शुक्रवार को माधव सभागार में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर द्वारा घोषित किया गया. परिणाम में कक्षा 10 में 50 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थियों के उत्तीर्ण होने के साथ छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों से बेहतर रहा, जो ओपन स्कूल प्रणाली की प्रभावशीलता को दर्शाता है. कक्षा 10 में कुल 18,101 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 9,074 विद्यार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए. कक्षा 12 में कुल 12,874 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे, जिनमें से 5,958 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए. परीक्षार्थी अपना परिणाम विभागीय वेबसाइट https://rsosadmission.rajasthan.gov.in/rsos/ पर देख सकते हैं.
Rajasthan Breaking News: अलवर में 50,000 रुपये के इनामी हार्डकोर अपराधी गिरफ्तार
अलवर जिले में पुलिस ने अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए एक बड़ी कामयाबी हासिल की है. जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के निर्देशन में वैशाली नगर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 50,000 रुपये के इनामी हार्डकोर अपराधी फिरोज खान उर्फ सरकार को गिरफ्तार किया है. आरोपी लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था. एसपी चौधरी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हिस्ट्रीशीटर फिरोज खान किसी बड़ी वारदात की फिराक में इलाके में सक्रिय है.
Rajasthan Breaking News: एशियन चैंपियन में निशानेबाज ख्वाइश शर्मा को मिला कांस्य पदक
भारतीय राइफल निशानेबाज़ ख्वाइश शर्मा ने Asian Championship 2026 में अपने पहले ही अंतरराष्ट्रीय प्रयास में कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया. यह प्रतियोगिता डॉ करनी सिंह शूटिंग रेंज, न्यू दिल्ली में आयोजित की गई थी. एशिया के शीर्ष निशानेबाज़ों के बीच ख्वाइश ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया.
फतेहपुर शेखावाटी , जिला सीकर , राजस्थान की प्रतिभाशाली बेटी ख्वाइश ने अपनी ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे राज्य का नाम रोशन कर दिया है. उनकी यह सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है.
पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

Rajasthan Breaking News: बीकानेर में LDC क्लर्क के पास ACB को मिली अकूत संपत्ति
बीकानेर संभाग में एक मामूली कनिष्ठ सहायक (LDC) के ठिकानों पर जब एसीबी की 5 टीमों ने शुक्रवार सुबह धावा बोला, तो अधिकारियों के भी होश उड़ गए. पंचायती राज विभाग के बाबू शुभकरण परिहार के घर से नोटों की गड्डियों, किलो के भाव सोना-चांदी और आलीशान बंगलों के दस्तावेज बरामद हुए हैं.
Rajasthan Breaking News: जयपुर में चोर शादी से उड़ा ले गया ज्वैलरी का बैग
जयपुर में शादी समारोह से कीमती बैग चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय हो गया है जो स्टेज से दुल्हन का बैग चोरी कर फरार हो गया. बताया जा रहा है कि बैग में थे क़रीब 4, लाख और ज्वेलरी थे, यह घटना सात फ़रवरी की है जो चंदन वन बिलवा जगतपुरा में चल रहा था रिसेप्शन. दूल्हा दुल्हन के पीछे स्टेज पर अचानक से युवक ने किया बैग चोरी. सज धज कर आया चोर, मेहमानों की भीड़ में शामिल हुआ था. चोर ब्लेजर में बैग छिपा कर ले गया. शिवदास पूरा थाने में केस दर्ज किया गया है और फ़ुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है.

Rajasthan Breaking News: IPL मैच के लिए SMS स्टेडियम को मिली क्लीन चिट
राजस्थान सरकार ने जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में IPL मैच आयोजित करने के लिए बीसीसीआई और राजस्थान रॉयल्स को पत्र लिखकर स्टेडियम के इंफ्रास्ट्रक्चर और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी साझा की है. हाई लेवल कमेटी की रिपोर्ट में स्टेडियम को क्लीन चिट दे दी गई है, जिससे आगामी IPL मैच निर्धारित समय पर जयपुर में ही होंगे. दरअसल, IPL मुकाबलों से पहले राजस्थान रॉयल्स की एक गुप्त रिपोर्ट के आधार पर मैचों को जयपुर से पुणे शिफ्ट करने की चर्चा चल रही थी. इस पर सरकार ने तुरंत एक्शन लिया और मुख्य सचिव वि श्री निवास ने उस रिपोर्ट का खंडन करते हुए बीसीसीआई सचिव और राजस्थान रॉयल्स प्रबंधन को पत्र लिखकर जयपुर में ही मैच कराने की पुष्टि की है.

Rajasthan Breaking News: कोटा में NEET की छात्रा की मौत
कोटा में एक बार फिर कोचिंग छात्र के सुसाइड का मामला सामने आया है. कोटा में मध्य प्रदेश की रहने वाली NEET छात्रा की मौत हो गई है, बताया जा रहा है कि उसने जहरीला खाद्य पदार्थ खाया था. एक दिन पहले ही उसने 100 रुपये उधार लिये थे.
Rajasthan Breaking News: कपड़ा व्यवसायी की दुकान पर GST विभाग की कार्रवाई
राजस्थान राज्य कर विभाग के अतिरिक्त आयुक्त भीलवाड़ा के निर्देशन में राजसमंद राज्य जीएसटी विभाग की टीम द्वारा टैक्स चोरी को लेकर नाथद्वारा के तहसील रोड स्थित गारमेंट स्टोर संगम रेडीमेड पर सर्वे की कार्यवाही की गई, GST विभाग की टीम ने मौके से लेन-देन सहित कंप्यूटर व अन्य दस्तावेज जब्त किए. राजसमंद उपायुक्त नेनाराम प्रजापति ने जानकारी दी कि विभाग द्वारा कंपोजिशन स्कीम के तहत एक ही स्थान पर दो फर्म बनाकर टर्नओवर छुपाने की आशंका के चलते कार्यवाही की गई.

Rajasthan Breaking News: पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 EVM और मतपेटी से
राजेश्वर सिंह, आयुक्त, राज्य निर्वाचन आयोग ने बताया कि पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव, 2026 के तहत जिला परिषद एवं पंचायत समितियों के समस्त वार्डों का निर्वाचन इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) तथा ग्राम पंचायत के सरपंच एवं वार्डपंच का निर्वाचन मतपेटी (मतपत्र) के माध्यम से सम्पन्न कराया जाएगा. उन्होंने बताया कि राजस्थान पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 35 के तहत पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन एवं मतपत्र के माध्यम से कराया जा सकता है.
Rajasthan Breaking News: एकल पट्टा मामले में राजस्थान हाई कोर्ट में हुई सुनवाई
प्रदेश के बहुचर्चित एकल पट्टा प्रकरण पर शुक्रवार को राजस्थान हाई कोर्ट में सुनवाई हुई. अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने सुनवाई के दौरान अदालत को बताया कि शांति धारीवाल की याचिका मेंटेनेबल नहीं है. उन्होंने कहा, 'यह राज्य सरकार और कोर्ट के बीच का मामला है, इसमें आरोपी को याचिका दायर करने का अधिकार नहीं है. 'कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा की विशेष एकलपीठ ने शांति धारीवाल व अन्य की याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए मामले की अगली सुनवाई 28 फरवरी को सुबह 10:30 बजे निर्धारित की है.
Rajasthan Breaking News: उदयपुर में बीजेपी महिला कार्यकर्ताओं का शक्ति प्रदर्शन
उदयपुर नगर निगम में आज भाजपा का जिला स्तरीय महिला सम्मेलन हुआ जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर शक्ति प्रदर्शन किया. कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष राखी राठौड़ भी पहुंची. राखी राठौड़ ने पहले केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा पेश बजट को एतिहासिक बताया और विकसित भारत की नीव बताया. इसके साथ ही राहुल गांधी पर उन्होंने तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि जब भी लोकसभा का सेशन होता है, किसी न किसी प्रकार का विदेशी एजेंड लेकर आ जाते हैं और संसद को चलने नहीं देते.

Rajasthan Breaking News: अजमेर में पकड़ा गया नाइजीरियन छात्र
अजमेर में सीआईडी टीम ने ओवरस्टे कर रहे एक नाइजीरियन छात्र को कार्रवाई करते हुए पकड़ा है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा ने बताया कि राज्य सरकार व पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर अवैध रूप से निवास कर रहे विदेशी नागरिकों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत सीआईडी अजमेर को सूचना मिली थी कि एक विदेशी छात्र लंबे समय से वीजा अवधि समाप्त होने के बावजूद भारत में रह रहा है. सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने जिला पुलिस के सहयोग से कार्रवाई कर छात्र को हिरासत में लिया.
Rajasthan Breaking News: किराड़ीलाल मीणा बैंक में फसल बीमा मामले में कर रहे कार्रवाई
किरोड़ीलाल मीणा ने फसल बीमा मामले में गड़बड़ी को लेकर बड़ा एक्शन लिया है. किरोड़ीलाल मीणा खुद चुरू में सालार स्थित SBI ब्रांच अचानक पहुंच गए. जहां उन्हें देखकर हड़कंप मच गया. बैंक में खुद मौजूद होकर किरोड़ी लाल मीणा कार्रवाई कर रहे हैं. वह फसल बीमा मामले में गड़बड़ी को लेकर कार्रवाई कर रहे हैं. बेनाम जमीन पर फर्जी तरीके से 9 करोड़ रुपये बीमा क्लेम उठाने के मामले में जांच कर रहे हैं. मंत्री सभी नियमों की जांच कर रहे हैं.

Jaipur: पिता ने 8 महीने की मासूम को मार डाला
जयपुर में पिता ने की 8 महीने मासूम बेटी की हत्या कर दी. मालपुरा गेट थाना पुलिस ने आरोपी सादाब को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देते वक्त आरोपी युवक नशे की हालत में था और उसने कैंची से बच्ची का गला काटकर उसे कम्बल में छिपाया. इसके बाद सुसाइड करने की भी कोशिश की.

टोंक में ईसरदा बांध संघर्ष समिति का NH-52 की तरफ कूच
टोंक में ईसरदा बांध डूब क्षेत्र की संघर्ष समिति की बैठक हुई. किसानों ने सरकार ओर प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया. मांगे मनवाने के लिए किसानों ने नेशनल हाइवे-52 की तरफ कूच किया, लेकिन पुलिस ने रोक लिया. फिलहाल किसान NH 52 के पास टोंक के पक्का बांध क्षेत्र में बैठे हैं. मौके पर एसडीएम और एसपी समेत 2 पुलिस थानों का जाब्ता भी तैनात है. किसानों ने नेशनल हाईवे जाम करने की भी चेतावनी दी है.
राजेंद्र राठौड़ ने की केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से की मुलाकात

गहलोत ने पूर्व उपराष्ट्रपति से मुलाकात की तस्वीर शेयर की
आज राजभवन (लोकभवन), जयपुर में पूर्व उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ से शिष्टाचार भेंट की। pic.twitter.com/vTiRiFZood
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) February 13, 2026
कांग्रेस विधायक के वायरल वीडियो पर स्पीकर बोले- कुछ गलत हुआ तो होगा एक्शन
बीजेपी और कांग्रेस के सदस्यों की बहस के दौरान हल्की नोकझोंक भी हुई. विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने स्थिति को शांत कराया और कहा कि वह पूरे वीडियो को देखेंगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर वीडियो में आचरण सदन की मर्यादा के अनुरूप नहीं पाया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
रोहित बोहरा के आचरण पर सदन में बहस
रोहित बोहरा के मुद्दे पर राजस्थान विधानसभा में पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने तर्क दिए. सत्ता पक्ष ने आपत्ति जताते हुए कार्रवाई करने की मांग की. बीजेपी विधायक श्रीचंद कृपलानी ने कहा कि राजाखेड़ा के कांग्रेस विधायक के किए गए इशारे विधानसभा की गरिमा और मर्यादा के खिलाफ हैं. उन्होंने कहा कि इस तरह का व्यवहार लोकतांत्रिक संस्थाओं की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाता है.
संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल ने भी कहा कि विधायक किसी भी पक्ष का हो, इस तरह का आचरण बर्दाश्त करने लायक नहीं है. उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसा सदस्य सदन में रहने के योग्य नहीं माना जाना चाहिए.
दूसरी ओर कांग्रेस विधायक रफीक खान ने आरोपों को ज्यादा तूल न देने की बात कही. उन्होंने कहा कि यह कोई इतनी बड़ी बात नहीं है. एक उदाहरण देते हुए कहा कि मेरे खिलाफ भी पहले नारेबाजी हुई थी, जिसे विधानसभा अध्यक्ष ने रिकॉर्ड से हटवा दिया था. उन्होंने कहा कि इस मामले को भी उसी तरह देखा जाना चाहिए. रफीक खान ने यह भी कहा कि संबंधित विधायक उस समय बोल नहीं रहे थे, बल्कि पीछे बैठे थे और घटना कैमरे में कैद हुई है.
वहीं, मंत्री अविनाश गहलोत ने कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या कांग्रेस नेताओं को अपने विधायक की इस हरकत पर अफसोस तक नहीं है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सदन के भीतर इस तरह के इशारों की निंदा करनी चाहिए और अपना स्पष्ट स्टैंड बताना चाहिए.
भीलवाड़ा केमिकल कांड: मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान
भीलवाड़ा में केमिकल फ्यूल पीने से हुई चार लोगों की मौत के मामले में राज्य सरकार ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मदद का हाथ बढ़ाया है. मुख्यमंत्री सहायता कोष से प्रत्येक मृतक के परिवार को ₹1-1 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की गई है.
पेपर लीक मामले पर विधायक रफीक खान का बयान
रफीक खान ने पेपर लीक मामले में आरोपी बाबूलाल कटारा पर कहा कि सरकार को शर्म करनी चाहिए. सरकार की ढीली पैरवी की वजह से उस आदमी की जमानत हो गई. इन्होंने कुछ किया नहीं, सिर्फ बातें ही की हैं. कांग्रेस के मुख्य सचेतक ने कहा कि कार्रवाई हमने की और हमने पकड़ा. मंत्री किरोड़ी लाल मीणा के पत्र पर कहा कि वह कुछ भी कह सकते हैं, कुछ भी कर सकते हैं.
यहां पढ़िए- बाबूलाल कटारा से मुलाकात के बाद किरोड़ीलाल मीणा ने लिखा पत्र
बाबूलाल कटारा के बहाने जोगाराम पटेल का कांग्रेस पर निशाना
बाबूलाल कटारा के मामले पर संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने बयान दिया. मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, "कांग्रेस के बड़े-बड़े पंडित ही इसका जवाब दें. तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के OSD ने कई तथ्यों का उल्लेख किया है. बाबूलाल कटारा ने जो कहा, उससे लगता है कि कांग्रेस के 5 साल के कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार चरम सीमा पर था. कांग्रेस के समय में कुर्सी की खींचतान थी. कांग्रेस को हमारी सरकार के ऊपर टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है."
पेपर लीक मामले पर बेढम का बयान
पेपर लीक मामले पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह ने कहा कि पेपर लीक करने वाले लोगों ने युवाओं के अधिकारों पर कुठाराघात और अतिक्रमण किया. हमारी सरकार पारदर्शी तरीके से परीक्षाएं कराकर युवाओं के सपनों को साकार कर रही है. हमारी सरकार बिना भेदभाव और पूरी पारदर्शिता के साथ पेपर आयोजित करने के लिए कृत संकल्पित है.
जल जीवन मिशन में 200 से ज्यादा अधिकारी दोषी- मंत्री
महुआ विधायक राजेंद्र मीणा ने जल जीवन मिशन पर सवाल पूछा. पीएचईडी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने जवाब देते हुए कहा कि वास्तव में जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार हुआ था और कामों में लापरवाही भी हुई थी. ईडी के मुकदमे भी दर्ज हुए थे और सीबीआई भी आई थी. इसमें 200 से ज्यादा अधिकारी दोषी थे, उनके लिए हमने 16 सीसी में और अन्य चार्जशीट दी है.
मंत्री ने सदन में जानकारी दी कि विधायक के क्षेत्र में गणपति ट्यूबवेल और श्याम ट्यूबवेल ने काम किया था. उनके खिलाफ मुकदमे भी दर्ज किया जा चुके हैं. हमारे पास राजस्थान में जो भी मामले आ रहे हैं और जो दोषी भी हैं, उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं.
राजेंद्र मीणा ने पूछा कि, गर्मियों का मौसम आने वाला है. ऐसे में पेयजल की क्या व्यवस्था की जाएगी? इस पर मंत्री ने कहा कि, जब हम ट्यूबवेल कंपनी के खिलाफ कार्रवाई कर रहे थे तो इन्होंने कोर्ट से स्टे ले लिया. इस बार जनता को पानी उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. न्यायालय में प्रकरण होने के कारण हम चरणबद्ध रूप से गांव में पानी की उपलब्धता करवाएंगे.
कांग्रेस विधायक ने किरोड़ीलाल मीणा को घेरा
सवाई माधोपुर में खाद-बीज वितरण के विषय पर कांग्रेस विधायक इंदिरा मीणा ने सवाल लगाया. कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने जवाब देते हुए कहा कि हमने 3 लाख मैट्रिक टन अतिरिक्त सप्लाई किया है. इसी बीच, कांग्रेस विधायक हरिमोहन शर्मा ने टोका तो किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि हमने डिमांड से ज्यादा वितरण किया है. थोड़ी बहुत यह त्रुटि हो सकती है या लाइन लगने की समस्या हो सकती है, हमने उसको भी दुरुस्त किया है. साथ ही कई डीलरों को सस्पेंड किए जाने की भी जानकारी दी.
इस पर इंदिरा मीणा ने पूछा कि कहीं गड़बड़ी थी तो सस्पेंड क्यों किया और सस्पेंड कर दिया तो फिर वापस बहाल क्यों किया? मंत्री ने जवाब दिया कि संतोषप्रद जवाब आने पर हमने बहाल किया. जिसमें लापरवाही हुई है, उसमें हमने मुकदमे दर्ज कराए हैं और कार्रवाई भी की है.
बीजेपी विधायक के सवाल पर जूली-दिलावर भिड़े
थर्ड ग्रेड टीचर्स के ट्रांसफर के सवाल पर विधानसभा में बहस हुई. बीजेपी विधायक गोविंद रानीपुरिया के सवाल पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि थर्ड ग्रेड टीचर्स के तबादलों का कोई प्रावधान नहीं है. इस पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने ऐतराज जताते हुए कहा कि आप थर्ड ग्रेड टीचर्स को गुमराह करना चाह रहे हो. इसके बाद दिलावर ने जवाब दिया कि जिले से बाहर थर्ड ग्रेड टीचर्स के ट्रांसफर का प्रावधान नहीं है. यह सुनते ही जूली ने टोका कि आपने जिले का जिक्र नहीं किया था. आप तो कह रहे हैं की थर्ड ग्रेड के ट्रांसफर के ही प्रावधान नहीं है.
राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही शुरू
राजस्थान विधानसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है. 11 फरवरी को पेश बजट पर सदन में सवाल-जवाब जारी है.
छबड़ा में देर रात बवाल
बारां जिले के छबडा कस्बे में गुरुवार की रात नगर पालिका की अतिक्रमण की कार्रवाई के दौरान भारी बवाल हुआ. व्यापारियों और अतिक्रमण निरोधक दस्ते के बीच तनातनी हुई और हंगामा हुआ. व्यापारियों ने नगर पालिका प्रशासन की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का विरोध करते हुए धरनावदा चौराहे पर कुछ देर के लिए जाम लगाया. लेकिन बाद में पुलिस की समझाइश से जाम खोला गया.
बारां में 3 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
बारां में 3 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर कर दिए गए. पुलिस एसपी अभिषेक अंदासु ने कोतवाली थाने के एएसआई अमरचंद, कांस्टेबल कृष्ण मुरारी और डीएसटी टीम के हेड कांस्टेबल मनीष कुमार को लाइन हाजिर कर दिया. फिलहाल कारण स्पष्ट नहीं है. हालांकि, इसे 9 फरवरी को बंद के दौरान गौ सेवकों पर लाठीचार्ज और पुलिस हिरासत में उनकी मारपीट के मामले से जोड़ा जा रहा है.

सामान फ्री नहीं देने पर डेयरी बूथ में तोड़फोड़
अजमेर के कृष्णगंज थाना क्षेत्र स्थित माकड़वाली रोड पर गुरुवार देर रात कुछ युवकों ने उत्पात मचाया. जानकारी के अनुसार, युवकों ने एक डेयरी बूथ और पास स्थित चाय-पकौड़ी की दुकान पर मुफ्त में सामान देने के लिए कहा. जब डेयरी संचालक ने मना किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज की और तोड़फोड़ शुरू कर दी. इसके चलते दुकान में रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया. बदमाशों ने सड़क से गुजर रही एक वैन पर भी पत्थर व लाठियों से हमला कर शीशे तोड़ दिए. घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे. पीड़ित डेयरी संचालक ने थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे.

बालोतरा में हिट एंड रन, कार ने स्कूटी सवार को मारी टक्कर
बालोतरा में तेज रफ्तार कार ने देर रात खेड़ रोड़ पर स्कूटी सवार को टक्कर मारी. हादसे में स्कूटी चालक की मौके पर मौत हो गई और कार चालक फरार हो गया. घटना की सूचना पर पचपदरा पुलिस मौके पर पहुंची.
डीगः भागवत कथा सुनकर लौट रहे 2 भाई हादसे का शिकार
डीग में देर रात दो सगे भाई सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए. टाकोली गांव के पास से गुजरते हुए बाइक के सामने अचानक एक जानवर आ गया और टक्कर हो गई. दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर भरतपुर रेफर कर दिया गया है. संतोष (35) और गंभीर (30) दोनों भाई जटेरी धाम से भागवत कथा में सुनने गए थे. कार्यक्रम पूरा होने के बाद अपने गांव पटपरगंज लौटते वक्त हादसे का शिकार हो गए. ड्यूटी पर तैनात डॉ. गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि संतोष के सिर में और गंभीर के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं. उनकी गंभीर हालत को देखते हुए, प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर भरतपुर रेफर कर दिया गया है.
Rajasthan News: जानिए आज के मौसम का हाल
मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी दिनों में तापमान में काफी बढ़ोतरी हो सकती है. राज्य में मौसम शुष्क रहने की प्रबल संभावना है. राजस्थान के कुछ हिस्सों में 17 फरवरी को छिटपुट बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है.
https://t.co/H1horcj4Tv
— मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर (@IMDJaipur) February 11, 2026
आगामी दिनों में दो नए पश्चिमी विक्षोभो एक 13 फरवरी से और दूसरा 16 फरवरी 2026 के कारण उत्तरी-पश्चिमी क्षेत्र पर असर पड़ने की संभावना है@moesgoi @RWFC_ND @IMDWeather