Bikaner News: राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ ACB (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. बीकानेर संभाग में एक मामूली कनिष्ठ सहायक (LDC) के ठिकानों पर जब एसीबी की 5 टीमों ने शुक्रवार सुबह धावा बोला, तो अधिकारियों के भी होश उड़ गए. पंचायती राज विभाग के बाबू शुभकरण परिहार के घर से नोटों की गड्डियों, किलो के भाव सोना-चांदी और आलीशान बंगलों के दस्तावेज बरामद हुए हैं.
किन 5 ठिकानों पर मारी गई रेड?
एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर बीकानेर और फलोदी के 5 ठिकानों पर एक साथ सर्च ऑपरेशन चलाया गया. डीजी एसीबी गोविंद गुप्ता ने बताया कि शुभकरण परिहार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की गोपनीय शिकायत मिली थी. जांच के बाद एसीबी की टीमों ने बीकानेर के मातेश्वरी एन्कलेव (वैष्णोधाम के सामने), गंगाशहर के बागीनाडा छींपों का मोहल्ला और जयपुर रोड स्थित ठिकानों पर दबिश दी. इसके अलावा आरोपी के पैतृक गांव पुनरासर और फलोदी जिले की बाप पंचायत समिति के कानासर स्थित ठिकानों पर भी एक साथ सर्च कार्रवाई की गई.
ACB की रेड में पकड़ा गया बीकानेर का 'करोड़पति' बाबू, आय से 938% ज्यादा संपत्ति का खुलासा. एक मामूली LDC शुभकरण परिहार के 5 ठिकानों पर जब ACB ने छापा मारा, तो अधिकारियों के होश उड़ गए.
— NDTV Rajasthan (@NDTV_Rajasthan) February 13, 2026
क्या-क्या मिला?
₹76 लाख नकद
1 किलो सोना, 2 किलो चांदी
4 आलीशान बंगले
17 हेक्टेयर (100 बीघा से… pic.twitter.com/qlhxaJ6D6j
छापेमारी में अब तक क्या-क्या मिला?
घर के भीतर 500-500 के नोटों के बंडल बनाकर पैक किए गए थे. अब तक ₹75.80 लाख नकद बरामद हो चुके हैं. तलाशी के दौरान 1 किलो से ज्यादा सोना और करीब 2 किलो चांदी मिली है. बीकानेर शहर में 3 और गांव पुनरासर में 1 आलीशान मकान होने की पुष्टि हुई है. इसके अलावा बाबू के पास करीब 17 हेक्टेयर (करीब 100 बीघा से अधिक) कीमती कृषि भूमि के दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं.
आय से 938% ज्यादा संपत्ति!
हैरानी की बात यह है कि शुभकरण की कुल संपत्ति उसकी वैध आय से 938 प्रतिशत अधिक पाई गई है. एक मामूली क्लर्क की नौकरी करते हुए उसने करोड़ों का साम्राज्य खड़ा कर लिया. एसीबी की जांच में सामने आया है कि यह काली कमाई भ्रष्टाचार के जरिए जुटाई गई थी.
एक्शन में एसीबी की टीमें
डीआईजी भुवन भूषण यादव की मॉनिटरिंग में 5 अलग-अलग टीमें इस सर्च ऑपरेशन को लीड कर रही हैं. एडीएसपी विनोद कुमार और आशीष कुमार की टीमें अभी भी दस्तावेजों की जांच कर रही हैं. एसीबी का कहना है कि शाम तक कई और चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं.
ये भी पढ़ें:- गणेश्वर तीर्थ धाम के गलावे कुंड में फेंके गए सूटकेस में हुआ विस्फोट, गृह राज्य मंत्री बोले- ये कोई आतंकवादी घटना नहीं
LIVE TV देखें