Jaisalmer News: राजस्थान के जैसलमेर जिले में मंगलवार सुबह भारत-पाक बॉर्डर के प्रतिबंधित इलाके में एक संदिग्ध युवक पकड़ा गया. बॉर्डर से सटे म्याजलार इलाके में गांववालों की सतर्कता से वह पकड़ा गया. गांववालों ने संदिग्ध को पकड़कर बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स को सौंप दिया. जिसके बाद सिक्योरिटी एजेंसियां पकड़े गए युवक से उसके प्रतिबंधित इलाके में घूमने के कारणों को लेकर लगातार पूछताछ कर रही हैं.
ग्रामीणों को कैसे हुआ संदेह
मिली जानकारी के मुताबिक, भारत-पाक सीमा से सटे गुंजनगढ़ गांव के पास प्रतिबंधित इलाकों और खेतों में गांव वालों ने एक अनजान आदमी को संदिग्ध हालात में घूमते देखा. गांव वालों में भोजराज सिंह और भाखर सिंह को जब उसकी हरकतों पर शक हुआ तो इसपर दोनों ने उस आदमी से वहां होने का कारण पूछा जिसपर वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया. इसपर उन दोनों ने युवक की संदिग्ध गतिविधियां देखकर उसे अन्य गांववालों की मदद से पकड़ा और तुरंत तत्परता दिखाते हुए BSF को सूचित किया. इसके बाद सीमा सुरक्षा बल की टीम के पहुंचने पर संदिग्ध युवक को उनके हवाले कर दिया.
तेलंगाना का रहने वाला है संदिग्ध युवक
मिली जानकारी के मुताबिक तलाशी के दौरान युवक के पास से एक पासपोर्ट मिला है, शुरुआती जांच में युवक की पहचान मोहम्मद अशफाक हुसैन के रूप में हुई है, जो भारत के दक्षिणी राज्य तेलंगाना का निवासी बताया जा रहा है.
इंटेलिजेंस एजेंसियां कर रही हैं संयुक्त पूछताछ
पकड़े गए संदिग्ध को फिलहाल एक अज्ञात स्थान पर ले जाया गया है, जहां BSF के साथ-साथ पुलिस इंटेलिजेंस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां उससे संयुक्त रूप से पूछताछ कर रही हैं. साथ ही वह इस सवाल का जवाब जानने की कोशिश कर रही है कि देश के दक्षिणी छोर का निवासी आखिर किस इरादे से सरहद के इतने करीब आया. फिलहाल सुरक्षा की दृष्टि से पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और युवक के मोबाइल रिकॉर्ड्स व पासपोर्ट की जांच की जा रही है ताकि उसके नेटवर्क का पता लगाया जा सके.
यह भी पढ़ें: Rajasthan: किशनगढ़ में सजेगा धीरेंद्र शास्त्री का दरबार, 41 फीट की बालाजी प्रतिमा का होगा अनावरण; राजे भी होंगी शामिल