विज्ञापन
This Article is From Jun 27, 2025

जयपुर: 40 साल पुराने मकान पर लग रहा मोबाइल टावर, स्कूल और हाई वोल्टेज लाइन के पास होने पर हंगामा

राजस्थान में जयपुर के चौमूं में एक 40 साल पुराने जर्जर मकान पर मोबाइल टावर लगाने से स्थानीय लोग गुस्से में हैं. मकान के कमजोर ढांचे, स्कूल और हाई वोल्टेज लाइन के पास खतरे की आशंका से हंगामा किया जा रहा है. 

जयपुर: 40 साल पुराने मकान पर लग रहा मोबाइल टावर, स्कूल और हाई वोल्टेज लाइन के पास होने पर हंगामा
जयपुर में पुराने घर पर मोबाइल टावर लगाने को लेकर लोग हंगामा कर रहे हैं.

Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में चौमूं इलाके के गोविंद नगर कच्चा बंधा कॉलोनी में एक 40 साल पुराने जर्जर मकान पर मोबाइल टावर लगाने का काम शुरू होने से स्थानीय लोग गुस्से में हैं. वार्डवासियों का कहना है कि यह मकान बिना मजबूत कॉलम के बना है. ऐसे कमजोर ढांचे पर भारी-भरकम टावर लगाना नियमों का खुला उल्लंघन है. लोगों को डर है कि यह टावर कभी भी गिर सकता है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है. 

स्कूल और हाई वोल्टेज लाइन के पास खतरा

स्थिति तब और गंभीर हो जाती है जब पता चलता है कि टावर के ठीक पास एक निजी स्कूल है जहां छोटे-छोटे बच्चे पढ़ते हैं. इसके अलावा कुछ ही दूरी पर 1.33 लाख वोल्ट की हाई वोल्टेज बिजली लाइन भी गुजरती है. लोगों को आशंका है कि टावर के कारण बिजली से संबंधित कोई हादसा हो सकता है. इससे बच्चों और आसपास रहने वाले लोगों की जान को बड़ा खतरा है. 

मकान मालिक पर लालच का आरोप

स्थानीय निवासियों ने मकान मालिक पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि मकान मालिक ने पैसे के लालच में पूरे मोहल्ले की सुरक्षा को जोखिम में डाल दिया. कॉलोनी में रहने वाले लोग खासकर बच्चे और बुजुर्ग डर के साए में जी रहे हैं. लोगों का कहना है कि टावर से निकलने वाली रेडिएशन और ढांचे के गिरने का खतरा उनकी जिंदगी पर भारी पड़ सकता है. 

पुलिस ने लिया स्थिति का जायजा 

हंगामे की सूचना मिलते ही चौमूं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. गुस्साए वार्डवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि टावर के निर्माण को तुरंत रोका जाए. लोग चाहते हैं कि उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो. 

लोगों में डर, प्रशासन की चुप्पी

गोविंद नगर के लोग अब प्रशासन के जवाब का इंतजार कर रहे हैं. क्या प्रशासन उनकी आवाज सुनेगा या यह खतरा बना रहेगा? यह सवाल हर किसी के मन में है.

यह भी पढ़ें- Rajasthan: 1.10 करोड़ की स्मैक के साथ 3 कुख्यात गिरफ्तार, इस साल केवल करौली में पकड़े गए हैं 131 तस्कर

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com