जयपुर: नाहरगढ़ अभयारण्य में मादा लेपर्ड की मौत से हड़कंप, शरीर पर गहरे घावों से बढ़ी चिंता

राजस्थान में जयपुर के आमेर स्थित नाहरगढ़ वन अभयारण्य से चिंताजनक खबर सामने आई है. मायलाबाग नाके के पास एक युवा मादा लेपर्ड मृत मिली है. रिपोर्ट- रोहन शर्मा

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
जयपुर के आमेर में एक पैंथर की मौत हो गई.

Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी जयपुर के आमेर नाहरगढ़ वन अभयारण्य से वन्यजीव प्रेमियों और वन विभाग के लिए चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है. अभयारण्य क्षेत्र में मायलाबाग नाके के पास करीब डेढ़ से दो साल की मादा लेपर्ड का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. वन विभाग के अनुसार लेपर्ड का शव दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. क्षेत्र को सुरक्षित किया गया और शव को कब्जे में लेकर नियमानुसार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई. पूरे इलाके में एहतियात के तौर पर निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की अन्य घटना को रोका जा सके.

शरीर पर गहरे चोट के निशान मिले

वन विभाग के रेंजर रघुवेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान मादा लेपर्ड के शरीर पर कई जगह गहरे चोट के निशान पाए गए हैं. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह चोटें किसी अन्य लेपर्ड के साथ हुई आपसी लड़ाई के दौरान लगी हो सकती हैं.

टेरिटरी को लेकर संघर्ष की आशंका

स्थानीय लोगों का कहना है कि नाहरगढ़ वन अभयारण्य क्षेत्र में सीमित इलाके में लेपर्ड की संख्या अधिक है. ऐसे में टेरिटरी और वर्चस्व को लेकर संघर्ष की घटनाएं सामने आती रही हैं. युवा लेपर्ड के साथ इस तरह की लड़ाई होना पूरी तरह असामान्य नहीं माना जाता.

Advertisement

रिपोर्ट आने के बाद होगा खुलासा

वन विभाग ने फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है. अधिकारियों के अनुसार विसरा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मादा लेपर्ड की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी. सभी पहलुओं से जांच की जा रही है.

बढ़ती आवाजाही से वन्यजीवों पर असर

गौरतलब है कि हाल के दिनों में नाहरगढ़ वन क्षेत्र और आसपास के इलाकों में पर्यटकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही बढ़ी है. इससे वन्यजीवों के प्राकृतिक व्यवहार पर असर पड़ रहा है. लेपर्ड जैसी संरक्षित प्रजाति की मौत ने वन्यजीव संरक्षण व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

Advertisement

आमजन से वन विभाग की अपील

वन विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि अभयारण्य क्षेत्र में अनधिकृत प्रवेश ट्रेकिंग और जंगल सफारी जैसी गतिविधियों से बचें. किसी भी वन्यजीव से जुड़ी घटना की जानकारी तुरंत विभाग को दें. फिलहाल मादा लेपर्ड की मौत के कारणों की जांच जारी है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

यह भी पढ़ें- राजस्थान में दवाओं और मेहंदी के घटिया ब्रांड पर कार्रवाई, बाजार से हटाए जाएंगे... देखें लिस्ट