विज्ञापन

खुली जेल का कैदी बर्थडे मनाने पहुंचा क्लब, युवक का हो गया मर्डर

भरतपुर में खुली जेल का कैदी कुल्लू गुर्जर जयपुर क्लब में जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहा था. इक्का क्लब में मर्डर होने के बाद जेल प्रशासन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.

खुली जेल का कैदी बर्थडे मनाने पहुंचा क्लब, युवक का हो गया मर्डर
युवती की हत्या का आरोपी हार्डकोर बदमाश कुल्लू गुर्जर पुलिस की गिरफ्त में है.

जयपुर के एक क्लब में देर रात जन्मदिन की पार्टी खूनी जंग में बदल गई. शराब, डांस और आपसी विवाद के बीच एक युवक की हत्या कर दी गई. हैरानी की बात यह है कि जिस शख्स का का जन्मदिन मनाया जा रहा था, वह भरतपुर की खुली जेल में बंद हार्डकोर बदमाश कुल्लू गुर्जर है. न्यू आतिश मार्केट स्थित इक्का क्लब में पार्टी चल रही थी. तभी अचानक तड़के करीब 4 बजे क्लब में चीख-पुकार मच गई. बर्थडे सेलिब्रेशन कुछ ही मिनटों में मातम में बदल गया. पार्टी के दौरान हुए खूनी संघर्ष में अन्नू गुर्जर की मौत हो गई, जबकि वारदात को अंजाम देने के बाद आधा दर्जन से ज्यादा आरोपी मौके से फरार हो गए. इस सनसनीखेज हत्याकांड ने जेल प्रशासन पर भी सवाल खड़े हो गए हैं.  ऐसे में सवाल यह है कि आखिर वह देर रात जयपुर कैसे पहुंच गया? 

युवती के साथ डांस की बात पर विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कुल्लू अपने साथियों के साथ पार्टी में शामिल होने जयपुर आया था. शराब पार्टी के दौरान एक युवती के डांस को लेकर अन्नू गुर्जर और आकाश के बीच कहासुनी शुरू हुई. देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और फिर धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया. इस हमले में चाकू लगाने से अन्नू गुर्जर की मौके पर ही मौत हो गई. मानसरोवर थाना पुलिस (जयपुर) ने बदमाश कुल्लू गुर्जर को शांतिभंग में गिरफ्तार कर लिया है.  

जयपुर के इक्का क्लब में खूनी जंग.

जयपुर के इक्का क्लब में खूनी जंग.

पाकिस्तानी आतंकी की हत्या भी कर चुका है कुल्लू

कुल्लू गुर्जर का नाम पहले भी कई संगीन मामलों में सामने आ चुका है. वह जेल के भीतर पाकिस्तानी आतंकी सकरुल्लाह की हत्या के मामले में भी चर्चा में रहा था. ऐसे अपराधी को खुली जेल में रखने के फैसले पर भी अब सवाल उठ रहे हैं. 

प्रशासन को चकमा देकर हार्डकोर बदमाश जयपुर कैसे पहुंचा?

सीआई मानसरोवर लखन खटाना ने बताया कि मृतक और आरोपी सभी दोस्त थे. सभी लोग एक साथ पार्टी करने आए थे. घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. दरअसल, खुली जेल के नियमों के मुताबिक बंदी को तय समय पर जेल में रहना अनिवार्य होता है. ऐसे में देर रात जयपुर के क्लब में उसकी मौजूदगी कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है. सवाल यह भी है कि क्या जेल प्रशासन को इसकी जानकारी थी? इस मामले में मिलीभगत की भी आशंका जताई जा रही है. 

यह भी पढ़ेंः कलेक्टर श्रीनिधि बीटी को डकैत जगन गुर्जर के घर भीड़ की बात माननी पड़ी

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close