विज्ञापन
This Article is From Jul 07, 2025

जयपुर में 75 लाख की ज्वेलरी डकैती का खुलासा, मुख्य साजिशकर्ता का भाई मुंबई से गिरफ्तार 

राजस्थान में जयपुर के एसएमएस थाना क्षेत्र में 4 जून को हुई 75 लाख की ज्वेलरी डकैती का पुलिस ने पर्दाफाश किया. जिसमें मुख्य साजिशकर्ता के भाई पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार कर लूटी गई ज्वेलरी बरामद कर ली.

जयपुर में 75 लाख की ज्वेलरी डकैती का खुलासा, मुख्य साजिशकर्ता का भाई मुंबई से गिरफ्तार 
जयपुर पुलिस ने 75 लाख की ज्वेलरी डकैती का पर्दाफास कर दिया.

Rajasthan News: राजस्थान की राजधानी जयपुर के एसएमएस थाना क्षेत्र में 4 जून को हुई 75 लाख रुपये की ज्वेलरी डकैती ने पूरे शहर में हड़कंप मचा दिया था. अब पुलिस ने इस मामले का पर्दाफाश कर मुख्य साजिशकर्ता संतोष चौहान के भाई अजय कुमार नट को मुंबई से गिरफ्तार किया है. पुलिस ने अजय से लूटी गई सोने, चांदी और हीरे जड़ित ज्वेलरी समेत अन्य सामान बरामद कर लिया है.

जानें कैसे हुई थी डकैती

जोहरी बाजार की रत्ना सागर बिल्डिंग से ज्वेलरी कारोबारी बृजमोहन गांधी 75 लाख रुपये के आभूषण लेकर अपनी कार में जा रहे थे. तभी पृथ्वीराज रोड पर बाइक और कार सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी का शीशा तोड़कर मारपीट की और ज्वेलरी लूटकर फरार हो गए. बदमाश पहले भरतपुर भागे और फिर मुंबई चले गए. 

पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई

एसएमएस थाना पुलिस ने बदमाशों का पीछा करते हुए भरतपुर से तीन आरोपियों राहुल चौधरी, अरविंद और अनिकेत को गिरफ्तार किया. पूछताछ में पता चला कि इस डकैती की साजिश मुंबई के संतोष चौहान ने रची थी. संतोष ने लूटी गई ज्वेलरी अपने भाई अजय कुमार को सौंपी और खुद फरार हो गया. अजय ने चालाकी से अपने साथियों को ज्वेलरी नकली बताकर मात्र 4 लाख रुपये में खरीद ली. इन पैसों को चारों आरोपियों ने आपस में बांट लिया, क्योंकि उन्हें ज्वेलरी के असली होने का पता नहीं था.

मुंबई में दबोचा गया आरोपी

पुलिस इंस्पेक्टर बलबीर सिंह कस्बा अपनी टीम के साथ मुंबई पहुंचे और गुप्त सूचना के आधार पर अजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि, मुख्य सरगना संतोष और उसका साथी विशाल अभी फरार हैं. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, संतोष और विशाल कई राज्यों में लूट और डकैती के एक दर्जन से ज्यादा मामलों में शामिल हैं.

रेकी कर बनाया था निशाना

पुलिस जांच में सामने आया कि बदमाशों ने रत्ना सागर बिल्डिंग की रेकी की थी. उन्हें पता था कि बृजमोहन गांधी और अन्य कारोबारी वहां से मोटी रकम और ज्वेलरी लेकर निकलते हैं. इसी जानकारी के आधार पर संतोष ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस डकैती को अंजाम दिया. 

आगे की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब अजय से पूछताछ कर संतोष और विशाल की तलाश में जुटी है. इस सनसनीखेज खुलासे ने जयपुर के कारोबारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी फरार आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा.

यह भी पढ़ें- मंत्री मदन दिलावर ने गांव वालों को दिया अपना फोन नंबर, कहा- सफाई नहीं हो तो.. सीधा मुझे फोन करो

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com