झालावाड़ की सीमा से सटे मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के माचलपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया. सांवलपुरा से नयागांव के एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे लोगों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पीपल्याकुल्मी रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास एलएनटी मशीन ले जा रहे ट्रक से टकरा गई. हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और 15 से ज्यादा लोग घायल हो गए.
टक्कर के बाद ट्रॉली पलटी
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली अनियंत्रित होकर पास के नाले में पलट गई. गांव से करीब 6 किलोमीटर दूर ही चले थे कि सड़क हादसा हो गया. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल माचलपुर अस्पताल पहुंचाया गया. हादसे में कचनारिया निवासी कब्बूबाई (60) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिक्षक बालकृष्ण दांगी (45) और 10 वर्षीय मासूम सलोनी ने अस्पताल ले जाते समय झालावाड़ एसआरजी अस्प्ताल में दम तोड़ दिया.
हादसे में तीन लोगों की मौत
हादसे में कुल 3 लोगों की जान चली गई. 15 से अधिक गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद राजगढ़ जिला अस्पताल और झालावाड़ रेफर किया गया. अन्य घायलों का माचलपुर अस्पताल में इलाज जारी है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर का इंजन और पहिए तक अलग हो गए, और ट्रॉली पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर नाले में जा गिरी. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें: "रिटायर्ड IAS सुबोध अग्रवाल को जेल में जान का खतरा", वकील ने स्पेशल सेल और सुरक्षा मांगी