झुंझुनूं में बड़ा साइबर फ्रॉड खुलासा, 2 लाख के कमीशन पर दिया बैंक खाता, 7 महीने में आए 97 लाख रुपये

जुलाई 2025 से 14 फरवरी 2026 के बीच आरोपी के खाते में कुल 97 लाख 4 हजार 805 रुपए का संदिग्ध लेन-देन हुआ. गिरोह के सदस्य देशभर में लोगों से ठगी कर राशि इसी खाते में ट्रांसफर करवाते थे और बाद में तुरंत निकाल लेते थे.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
झुंझुनूं के पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय

Rajasthan News: झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ थाना क्षेत्र में साइबर ठगी से जुड़े एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है. पुलिस ने 2 लाख रुपए प्रतिमाह कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता ठगों को उपलब्ध कराने वाले आरोपी विजयपाल को गिरफ्तार किया है. आरोपी के खाते में महज 7-8 महीनों में करीब 97 लाख रुपए के अवैध लेन-देन का खुलासा हुआ है. गिरोह के लोग देशभर से ठगी करके उसके खाते में पैसा ट्रांसफर करवाते थे और उसके निकाल लेते. पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है.

2 लाख रुपये महीने की लालच दी

पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि आरोपी विजयपाल ने पूछताछ में कबूल किया कि उसने सीकर निवासी जयंत मोयल के कहने पर अपना बैंक ऑफ बड़ौदा का खाता उसे सौंप दिया था. इसके बदले उसे हर महीने 2 लाख रुपए देने का लालच दिया गया. लालच में आकर आरोपी ने अपने खाते की पूरी एक्सेस, जिसमें नेट बैंकिंग और UPI शामिल है, साइबर ठगों के गिरोह को दे दी.

जांच में सामने आया कि जुलाई 2025 से 14 फरवरी 2026 के बीच आरोपी के खाते में कुल 97 लाख 4 हजार 805 रुपए का संदिग्ध लेन-देन हुआ. गिरोह के सदस्य देशभर में लोगों से ठगी कर राशि इसी खाते में ट्रांसफर करवाते थे और बाद में तुरंत निकाल लेते थे. मामले का खुलासा तब हुआ, जब नेशनल साइबर पोर्टल (समन्वय पोर्टल) पर आरोपी के खाते के खिलाफ देशभर से 49 शिकायतें दर्ज मिलीं.

गिरोह के अन्य लोगों की जांच कर रही पुलिस

पुलिस ने इन शिकायतों की जांच कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया. पुलिस ने मामले में एक अन्य मुख्य आरोपी को भी नामजद किया है, जिसकी तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि इस संगठित साइबर ठगी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं. 

Advertisement

यह भी पढे़ं-

धमाका होते भागे मजूदर, जो फंसे वो जिंदा जल गए, बिहार के 5 मृतकों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान

ACB Action: 400000 रुपये रिश्वत लेते ट्रैप हुआ पशु चिकित्सा अधिकारी और कंप्यूटर ऑपरेटर, 12 लाख मांगी थी घूस

Advertisement