ACB Action: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने राजधानी जयपुर में बड़ी कार्रवाई की है. यहां दो पशु चिकित्सा अधिकारी और कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले कंप्यूटर ऑपरेटर को रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि कंप्यूटर ऑपरेटर जितेंद्र सिंह को पशु चिकित्सक डॉ योगेश शर्मा और डॉ राकेश कलोरिया के लिए 400000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है. यह सभी नगर निगम जयपुर में पदस्थापित हैं. एसीबी मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.
कुत्तों की नसबंदी के टेंडर के लिए मांगी थी रिश्वत
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि ए.सीबी जयपुर नगर-प्रथम, जयपुर ईकाई को एक लिखित मिली कि जयपुर शहर में आवारा कुत्तों के नसबंदी एवं टीकाकरण के लिए आमंत्रित निविदाओं में परिवादी को टेंडर मिला, जिस पर परिवादी द्वारा टेंडर का कार्य पूर्ण किया जाकर बिल बनाकर नगर निगम हैरिटेज कार्यालय में पेश करने के उपरान्त टेण्डर की शर्ता के अनुसार कुत्तों से निकाले गये UTERUS एवं TESTICLES की गणना नगर निगम हैरिटेज के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ योगेश शर्मा नहीं कर रहा है तथा गणना एवं बिल फॉरवर्ड करने की एवज में सभी बकाया बिलों के 12 लाख रुपये रिश्वत की मांग कर रहा है.
इसके अलावा नगर निगम ग्रेटर में परिवादी द्वारा कुत्तों की नसबंदी एवं टीकारण के किये गये कार्यों के माह नवम्बर एवं दिसम्बर 2025 के बिल बनाकर नगर निगम ग्रेटर पेश करने के उपरान्त भी कुत्तों से निकाले गये UTERUS एवं TESTICLES की गणना पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ राकेश कालोरिया द्वारा नहीं करने तथा बिलों को फॉरवर्ड करने के लिए 2 लाख रुपये प्रति माह कुल 04 लाख रुपये तथा 01 जनवरी 2026 से 3.50 लाख रुपये प्रति माह के हिसाब से रिश्वत की मांग की जा रही है. दोनों पशु चिकित्सा अधिकारी अपने कार्यालय के कर्मचारी जितेन्द्र सिंह कम्प्यूटर ऑपरेटर के माध्यम से रिश्वत प्राप्त करना चाह रहे हैं.
एसीबी जयपुर ने रिश्वत मांग सत्यापन करवाये जाने पर दोनों पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा कुल 15 लाख रुपये की मांग करना पाया गया. जिस पर सोमवार (16 फरवरी) को ट्रैप कार्रवाई करते हुए. कम्प्यूटर ऑपरेटर (संविदा कर्मी) पशु प्रबन्ध शाखा, नगर निगम जयपुर को डॉ योगेश शर्मा और डॉ राकेश कलोरिया पशु चिकित्सा अधिकारियों के लिए परिवादी से 4,00,000 रुपये रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया.
यह भी पढ़ेंः ACB Action: 50000 रुपये रिश्वत लेते ट्रैप हुआ सुपरिटेंडेंट इंजीनियर, 2 लाख रुपये की घूस की थी डील