Jhunjhunu Bottle bomb attack: झुंझुनूं शहर में 'बोतल बम' की घटना सामने आई है. रात को 2 अज्ञात बाइक सवार युवकों ने तीन बोतलों में ज्वलनशील पदार्थ डालकर एक स्कूल को आग लगाने की कोशिश की. घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. कैमरे में कैद हुई घटना के अनुसार, दो युवक एक बाइक पर सवार होकर स्कूल के पास पहुंचे. इनमें से एक युवक के हाथ में तीन बोतलों में ज्वलनशील पदार्थ था. यह घटना 4 फरवरी की बताई जा रही है. युवक बार-बार आग लगाने का प्रयास करते रहे. हालांकि ऐसा पहला मामला नहीं है, बोतल बम का मामला पिछले महीने भी सामने आ चुका है. लगातार दूसरे महीने ऐसी वारदात चर्चा का विषय बनी हुई है.
आग लगाने के लिए लगाते रहे तरकीब
एक युवक ने दो बोतल बम स्कूल के अंदर फेंके. इसके बाद एक बोतल में ज्वलनशील पदार्थ को स्कूल के अंदर फेंका और उसी बोतल को आग लगाकर बम की तरह स्कूल के अंदर फेंका. हालांकि स्कूल के भीतर फेंकने के बाद बोतल में लगी आग बुझ गई. इसके बाद अलग-अलग तरीकों से आग लगाने की कोशिश करते रहे. फिर युवक ने जमीन पर बिखरे ज्वलनशील पदार्थ को आग लगाई और मौके से भाग गया.
गेट के पास चिपकी पड़ी थीं बोतलें
अगले दिन सुबह जब स्कूल संचालक सज्जन शर्मा स्कूल में पहुंची तो फर्श पर प्लास्टिक की बोतलें चिपकी देखी. परिसर का गेट के पास फर्श काला दिखाई दिया. जब मौके पर उनका बेटा विवेक शर्मा पहुंचा तो उसने सीसीटीवी फुटेज खंगाला. फुटेज में तीनों युवक की हरकतें दिखी तो पूरा मामला समझ आया.
थाने में रिपोर्ट दर्ज
इस मामले में कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. परिवादी विवेक शर्मा ने बताया कि जब उन्होंने इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो सामने आया कि दोनों युवक मुख्य रोड की बजाय गलियों से होते हुए स्कूल तक पहुंचे थे. कुछ मिनट इंतजार के बाद मौका पाकर स्कूल में आग लगाने की कोशिश की. फिर गलियों से होते हुए ही शाहों वाले कुएं के पास होते हुए आगे निकल गए.
बाइक की नंबर प्लेट पर चिपकाया था कागज
परिवादी के मुताबिक, बाइक की नंबर प्लेट पर भी सफेद कागज चिपकाया हुआ था. इससे बाइक का नंबर नजर नहीं आ रहा था और युवकों ने चेहरा भी कपड़े से ढका हुआ था. बहरहाल, पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ेंः खेजड़ी के लिए अनशन तो टूटा पर धरना जारी, अब पूरे राजस्थान में 'ट्री एक्ट' लागू करने की उठी मांग