Jodhpur News: जोधपुर में साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच पुलिस ने एक बड़े ऑनलाइन फ्रॉड रैकेट का खुलासा किया है. महामंदिर थाना पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 21 वर्षीय सुनील माली को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर आरोप है कि उसने 11 राज्यों में 32 किराए के बैंक खातों के जरिए करीब 9.20 करोड़ रुपये की साइबर ठगी की रकम को व्हाइट मनी में बदलने में भूमिका निभाई.
पुलिस के अनुसार आरोपी किराए पर लिए गए बैंक खातों का इस्तेमाल करता था. साइबर ठगी से जमा होने वाली रकम इन खातों में ट्रांसफर की जाती थी और बाद में उसे दूसरे खातों में भेजकर ट्रेसिंग से बचाने की कोशिश की जाती थी. इस तरह आरोपी साइबर ठगों के लिए मनी ट्रांसफर और रकम निकालने का काम करता था.
टेलीग्राम के जरिए साइबर ठगों से संपर्क में रहता था
महामंदिर थाना अधिकारी देवेंद्र देवड़ा ने बताया कि जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट की डीसीपी ईस्ट पी. दीप्ति नित्या के निर्देशन में साइबर ठगी के मामलों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत जांच में सामने आया कि सुनील माली टेलीग्राम के जरिए साइबर ठगों से संपर्क में रहता था और ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवाने में मदद करता था.
शातिर तरीके से रकम को अन्य खातों में ट्रांसफर कर देता था
जांच में यह भी सामने आया कि जब साइबर ठगी से जुड़े बैंक खाते होल्ड हो जाते थे, तब आरोपी शातिर तरीके से रकम को अन्य खातों में ट्रांसफर कर देता था. इस तरह वह ठगी की रकम को सुरक्षित निकालकर साइबर अपराधियों तक पहुंचाने का काम करता था. पुलिस ने आरोपी को जोधपुर के मांजी का हठा इलाके से गिरफ्तार किया और कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले में अभी और जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है.