विज्ञापन

Jodhpur Hotel Fire: जोधपुर के होटल सोनल पैलेस में भीषण आग, कमरों में फंसे यात्रियों ने छत पर भागकर बचाई जान

Jodhpur Fire News: धुएं से घिरे कमरों के बीच 6 सैलानी मौत के मुंह में फंस गए थे, जिन्हें पुलिस और दमकल विभाग ने साहस दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाला. पढ़ें पूरी रिपोर्ट.

Jodhpur Hotel Fire: जोधपुर के होटल सोनल पैलेस में भीषण आग, कमरों में फंसे यात्रियों ने छत पर भागकर बचाई जान
जोधपुर के होटल सोनल पैलेस में लगी आग.
NDTV Rajasthan

Jodhpur News: राजस्थान की सूर्य नगरी जोधपुर के व्यस्ततम रातानाडा क्षेत्र स्थित पांच बत्ती चौराहे पर रविवार की सुबह दहशत भरी रही. यहां के प्रसिद्ध होटल सोनल पैलेस में सुबह करीब 9:00 बजे शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि पूरे होटल परिसर में काला धुआं भर गया, जिससे वहां ठहरे हुए पर्यटकों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई.

धुएं के गुबार के बीच 6 लोगों का रेस्क्यू

एयरपोर्ट थाना अधिकारी रामकृष्ण टाडा के अनुसार, आग लगने के वक्त होटल के कमरों में करीब 6 लोग मौजूद थे. धुआं इतना घना था कि सीढ़ियों से नीचे उतरना नामुमकिन हो गया, जिसके बाद जान बचाने के लिए ये सभी लोग होटल की छत पर चढ़ गए. सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. दमकलकर्मियों ने एक तरफ आग पर पानी की बौछारें कीं, तो दूसरी तरफ रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर छत पर फंसे सभी 6 लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा. समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई.

एक दमकलकर्मी घायल, अस्पताल में भर्ती

फायर अधिकारी प्रशांत सिंह चौहान ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए 5 दमकल वाहनों को तुरंत मौके पर रवाना किया गया था. आग बुझाने के इस खतरनाक ऑपरेशन के दौरान एक जांबाज दमकलकर्मी अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया, जिससे वह घायल हो गया. उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. आग पर काबू पाने के बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली, हालांकि कुछ देर के लिए पूरे पांच बत्ती चौराहे पर भारी भीड़ और जाम की स्थिति बनी रही.

होटल में लगे थे 'शो-पीस' सुरक्षा उपकरण?

प्रारंभिक जांच में आग लगने का मुख्य कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. हालांकि, इस घटना ने होटल की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. फायर ऑफिसर ने खुलासा किया कि होटल सोनल पैलेस में फायर सेफ्टी उपकरण तो लगे हुए थे, लेकिन आपात स्थिति में उन्होंने काम नहीं किया. अब विभाग इस बात की गहनता से जांच कर रहा है कि क्या इन उपकरणों का रखरखाव सही तरीके से किया गया था या नहीं. फिलहाल होटल को आंशिक नुकसान हुआ है और पुलिस मामले की पूरी रिपोर्ट तैयार कर रही है.

ये भी पढ़ें:- कैसे कर सकते हैं आप अपना बिजली बिल जीरो? PM मोदी ने अजमेर में बताई योजना

LIVE TV देखें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close