Rajasthan News: जयपुर के मशहूर 'कान्हा ग्रुप' पर आयकर विभाग की कार्रवाई आज तीसरे दिन भी जारी है और अब यह रेड किसी सस्पेंस फिल्म जैसी हो गई है. आयकर विभाग की टीम को ग्रुप के एक गुप्त ठिकाने पर तलाशी के दौरान एक 'खुफिया दीवार' मिली है. अधिकारियों ने जब संदेह होने पर इस दीवार को तोड़ा, तो अंदर का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए. दीवार के पीछे एक मजबूत स्ट्रॉन्ग रूम बना हुआ था, जिसमें कई करोड़ रुपये की बेशकीमती ज्वेलरी और जेवरात छिपाकर रखे गए थे. फिलहाल, सरकारी वैल्यूअर इस खजाने का मूल्यांकन करने में जुटे हैं.
10 बैंक लॉकर खोलने की तैयारी
अभी-अभी मिली जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग को इस समूह के 10 से अधिक बैंक लॉकर का पता चला है. आज सुबह 10 बजे के बाद इन लॉकरों को खोलने और उनकी तलाशी लेने का काम शुरू कर दिया गया है. सूत्रों का दावा है कि इन लॉकरों के भीतर करोड़ों रुपये की बेनामी संपत्तियों के कागजात और भारी मात्रा में सोना छिपा हो सकता है. जिस तरह से काली कमाई को छिपाने के लिए खुफिया दीवारें और स्ट्रॉन्ग रूम बनाए गए, उससे यह साफ है कि यह टैक्स चोरी का आंकड़ा 100 करोड़ रुपये को पार कर जाएगा.
5-स्टार होटलों में खपाया काला धन?
जांच का दायरा अब रेस्टोरेंट से निकलकर रियल एस्टेट के 'भारी-भरकम' निवेश तक पहुंच गया है. आयकर विभाग की टीमें जयपुर के ताज (आमेर) और कुंदन वन (कूकस) जैसे नामी 5-स्टार होटलों में हुए निवेश की कड़ियों को जोड़ रही हैं. विभाग को शक है कि रेस्टोरेंट के मुनाफे को कम दिखाकर उस पैसे को इन आलीशान प्रॉपर्टीज में लगाया गया है.
चौथे दिन भी जारी रहे सकती है रेड
राजस्थान के 6 शहरों से लेकर मुंबई तक फैली इस रेड में अब तक सैकड़ों डिजिटल सबूत और कैश ट्रांजेक्शन के कच्चे पर्चे जब्त किए जा चुके हैं. छापेमारी की गंभीरता को देखते हुए माना जा रहा है कि यह कार्रवाई कल भी जारी रह सकती है.
ये भी पढ़ें:- 'लिंग जांच का मतलब अबॉर्शन की साजिश नहीं', HC ने निचली अदालत को फटकारा, डॉक्टर को दी आंशिक राहत