विज्ञापन

करौली: 40 फुट गहरे कुएं में जिंदा दफन हुए दो सगे भाई, मोटर निकालते समय मिट्टी धंसी; ढाई घंटे चला रेस्क्यू

करौली में कुएं से मोटर निकालने के दौरान मिट्टी ढहने से दो सगे भाइयों की दबकर मौत हो गई. ग्रामीणों और प्रशासन ने ढाई घंटे तक रेस्क्यू चलाया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर दोनों को मृत घोषित कर दिया गया.

करौली: 40 फुट गहरे कुएं में जिंदा दफन हुए दो सगे भाई, मोटर निकालते समय मिट्टी धंसी; ढाई घंटे चला रेस्क्यू
करौली में कुएं से मोटर निकालने के दौरान मिट्टी ढहने से दो सगे भाइयों की दबकर मौत हो गई.

Rajasthan News: राजस्थान के करौली जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है. जहां सपोटरा क्षेत्र के अमरगढ़ गांव में शनिवार को 40 फुट गहरे कुएं में रेत धंसने से दो भाइयों की मौत हो गई। दोनों भाई कुएं से पानी की मोटर निकालने के प्रयास थे और अचानक मिट्टी धंस गई. इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. एक ही परिवार के दो चिराग बुझ जाने से हर किसी की आंखें नम हैं.

कुएं में गिरी मोटर निकालना पड़ा भारी

अमरगढ़ निवासी कमलेश और मुकेश पिछले कुछ दिनों से अपने खेत पर स्थित एक पुराने कुएं में गिरी पानी की मोटर निकालने की कोशिश कर रहे थे. शनिवार को वे कुएं को गहरा कर मोटर तक पहुंचने की कोशिश कर रहे थे कि तभी अचानक काल बनकर कुएं की ढाय भरभराकर गिर गई. देखते ही देखते दोनों भाई 10 से 12 हाथ नीचे मलबे और मिट्टी के ढेर में दब गए.

ग्रामीणों ने की बचाने की कोशिश

हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया. शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े. सरकारी मदद पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने अपने स्तर पर मिट्टी हटाकर भाइयों को बचाने का साहसी प्रयास शुरू किया. बाद में सूचना पाकर स्थानीय प्रशासन, पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम भी मौके पर पहुंची. करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों भाइयों को मलबे से बाहर निकाला गया.

अस्पताल में टूटा दुखों का पहाड़

परिजन और ग्रामीण दोनों युवकों को लेकर तुरंत सपोटरा अस्पताल पहुंचे. वहां चिकित्सकों ने गहन जांच के बाद दोनों भाइयों को मृत घोषित कर दिया. अस्पताल पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरा गांव गमगीन हो गया. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली है और मामले की जांच जारी है.

मृतक परिवार मूल रूप से डिकोली कला का निवासी था और करीब 25 साल पहले अमरगढ़ में आकर बसा था. हंसते-खेलते परिवार पर आए इस आकस्मिक संकट ने सबको स्तब्ध कर दिया है. प्रशासन ने लोगों से कुओं या पुरानी संरचनाओं में उतरते समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने की अपील की है.

यह भी पढ़ें- राजस्थान में गर्मी का तांडव, भट्टी की तरह तप रहा जैसलमेर, कूलर-पंखे हुए फेल मोबाइल कैमरे भी होने लगे बंद

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close