विज्ञापन

भाजपा जिला मंत्री के पति का अपहरण कर काटे दोनों पैर, मरने की हालत में छोड़ भागे बदमाश

सीकर में भाजपा जिला मंत्री सावित्री देवी के पति राजेंद्र बाजिया का अपहरण कर बदमाशों ने उन पर जानलेवा हमला किया. धारदार हथियारों से उनके पैर काट दिए गए. 

भाजपा जिला मंत्री के पति का अपहरण कर काटे दोनों पैर, मरने की हालत में छोड़ भागे बदमाश
भाजपा जिला मंत्री सावित्री देवी के पति का अपहरण कर बदमाशों ने उन पर जानलेवा हमला किया.

Rajasthan News: राजस्थान के सीकर जिले से अपराध की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां भाजपा जिला मंत्री सावित्री देवी के पति राजेंद्र बाजिया पर अज्ञात बदमाशों ने न केवल जानलेवा हमला किया बल्कि उनका अपहरण कर बेरहमी से मारपीट भी की. बदमाशों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए धारदार हथियार से उनके दोनों पैरों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.

घात लगाकर बैठे थे हमलावर

घटना रविवार तड़के करीब 4 बजे की बताई जा रही है. राजेंद्र बाजिया को सूचना मिली थी कि बावड़ी स्थित उनके फार्म हाउस पर कुछ लोग तोड़फोड़ कर रहे हैं. इस सूचना पर वे तुरंत अपने फार्म हाउस के लिए निकले थे. लेकिन उन्हें भनक भी नहीं थी कि रास्ते में काल बनकर बदमाश उनका इंतजार कर रहे हैं. रास्ते में 8 से 10 नकाबपोश बदमाशों ने उनकी गाड़ी को रुकवा लिया और जबरन उनका अपहरण कर धीरजपुरा की ओर ले गए.

धारदार हथियारों से किया वार

अपहरण के बाद सुनसान जगह ले जाकर बदमाशों ने राजेंद्र बाजिया के साथ बर्बरता शुरू की. धारदार हथियारों (दांतले) से उनके दोनों पैरों को काट दिया गया जिससे वे लहूलुहान हो गए. मारपीट इतनी भीषण थी कि राजेंद्र बेहोश हो गए. उन्हें मरणासन्न हालत में छोड़कर बदमाश मौके से फरार हो गए. सुबह जब परिजनों और ग्रामीणों को इस बात का पता चला तो हड़कंप मच गया. उन्हें तुरंत रींगस के एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहाँ उनके पैरों का ऑपरेशन किया गया है.

पुलिस जांच और राजनीतिक हलचल

वारदात की जानकारी मिलते ही भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ अस्पताल पहुँचे और पीड़ित का हालचाल जाना. उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस मामले में त्वरित कार्रवाई करने और अपराधियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजने की मांग की है. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामला दर्ज कर लिया है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.

यह भी पढ़ें- पाली: 108 एम्बुलेंस में ऑक्सीजन खत्म होने से 20 साल के युवक की मौत, अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही के आरोप

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close