विज्ञापन

Rajasthan: 108 एम्बुलेंस में ऑक्सीजन खत्म होने से मरीज की मौत, अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही के आरोप

पाली के बांगड़ अस्पताल से जोधपुर रेफर किए गए 20 वर्षीय युवक सावन कुमार की एम्बुलेंस में ऑक्सीजन खत्म होने से मौत हो गई. परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग और एम्बुलेंस चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में जमकर हंगामा किया.

Rajasthan: 108 एम्बुलेंस में ऑक्सीजन खत्म होने से मरीज की मौत, अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही के आरोप
पाली में 20 वर्षीय की एम्बुलेंस में ऑक्सीजन खत्म होने से मौत हो गई.

Rajasthan News: राजस्थान में स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खोलती एक घटना सामने आई है. पाली जिले के सबसे बड़े बांगड़ अस्पताल में एक बार फिर व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं. रविवार को जोधपुर रेफर किए गए एक 20 वर्षीय युवक की एम्बुलेंस में ऑक्सीजन खत्म होने के कारण रास्ते में ही मौत हो गई. इस घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा किया और एम्बुलेंस चालक व प्रशासन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए.

किडनी की बीमारी से जूझ रहा था युवक

मृतक की पहचान नया गांव सांसी बस्ती निवासी सावन कुमार (20) के रूप में हुई है. सावन पिछले छह महीने से किडनी की बीमारी से पीड़ित था और उसका सप्ताह में दो बार डायलिसिस होता था. चार दिन पहले तबीयत बिगड़ने पर उसे बांगड़ अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था. रविवार को डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जोधपुर के एमडीएम अस्पताल रेफर कर दिया.

बीच रास्ते में थमी सांसें

परिजनों का आरोप है कि 108 एम्बुलेंस से जोधपुर ले जाते समय रास्ते में अचानक ऑक्सीजन सपोर्ट बंद हो गया. मृतक के भाई देवाराम ने बताया कि जब उन्होंने देखा कि ऑक्सीजन खत्म हो गई है और मरीज को सांस लेने में तकलीफ हो रही है तो उन्होंने तुरंत चालक को सूचित किया. चालक ने दूसरे सिलेंडर का इंतजाम करने की बात कही लेकिन जब तक गाड़ी ओम बन्ना के पास पहुंची तब तक सावन ने दम तोड़ दिया.

अस्पताल के बाहर प्रदर्शन और न्याय की मांग

बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां लाली देवी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. परिजन शव को वापस बांगड़ अस्पताल लेकर आए और मोर्चरी के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. समाज के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई जिन्होंने दोषी कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत करवाकर जांच शुरू की. 

यह भी पढ़ें- जयपुर एयरपोर्ट पर AI की मदद से हाइटेक ठगी, फर्जी ID बनाकर नौकरी के नाम पर लाखों ऐंठे; पूर्व कर्मचारी गिरफ्तार

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close