राजस्थान में बीज निगम के अधिकारी पर एसीबी की कार्रवाई और उस पर सियासी घमासान के बीच कृषि मंत्री डॉ किरोड़ी लाल मीणा ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद डोटासरा के आरोपों पर तीखा पलटवार किया है. उन्होंने साफ कहा कि जिस व्यक्ति के इनपुट पर कार्रवाई होती थी, वह उनकी टीम का सदस्य नहीं था. उसके खिलाफ भ्रष्टाचार की जानकारी मिलते ही एजेंसियों को सूचित किया गया और कार्रवाई हुई. किरोड़ी ने कहा कि अगर कृषि विभाग के भ्रष्टाचार में उनका तिलभर भी इंवॉल्वमेंट साबित हुआ, तो वह गिरफ्तारी और मंत्री पद से इस्तीफा देने, दोनों के लिए तैयार है.
'जीवनभर भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष किया'
डोटासरा की तरफ से लगाए गए करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार के आरोपों को खारिज करते हुए किरोड़ी ने कहा कि "वे 500 करोड़ नहीं, हजार करोड़ या उससे भी ज्यादा के आरोप लगा सकते हैं. हमने खुद कार्रवाई का स्वागत किया है. कांग्रेस शासन में जो भ्रष्टाचार पनपा था, उस पर चोट पड़ने से कई लोगों की कमर टूट रही है.
'संलिप्तता पर गिरफ्तारी और इस्तीफा देने को तैयार'
किरोड़ी ने कहा कि तिलमात्र भी मेरा नाम या संलिप्तता सामने आ जाए तो मैं खुद कानून के सामने खड़ा होने, गिरफ्तारी देने और मंत्री पद छोड़ने तक के लिए तैयार हूं. नकली बीज और खाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान पर किरोड़ी ने कहा कि मूंगफली की बुवाई का समय नजदीक है, इसलिए किसानों तक नकली बीज न पहुंचे, इस उद्देश्य से कार्रवाई की गई. उन्होंने बताया कि जिन स्थानों पर छापे मारे गए हैं, उन्हें सील किया गया है और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.
किरोड़ी ने यह भी कहा कि कई लोग उनके नाम का दुरुपयोग कर फर्जी तरीके से वसूली करते हैं. उन्होंने एसीबी से ऐसे लोगों पर भी सख्त कार्रवाई करने की मांग की. डोटासरा के आरोपों को दुर्भावनापूर्ण बताते हुए किरोड़ी ने कहा कि उन्होंने पहले रीट और आरएएस भर्ती मामलों में डोटासरा पर सवाल उठाए थे, इसलिए अब राजनीतिक बदले की भावना से उन पर आरोप लगाए जा रहे हैं. उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि किसी के पास डोटासरा या उनके खिलाफ कोई ठोस सबूत है तो उसे एसीबी के सामने पेश करना चाहिए.
'सैंपल में गड़बड़ी मिली तो होगा सख्त एक्शन'
बीज गोदाम पर छापेमारी के एक्शन को लेकर किरोड़ी ने कहा कि पूरा माल सीज़ है और उसके सैंपल को जांच के लिए भेजा गया है. सैंपल में अगर गड़बड़ी मिली तो सख्त एक्शन होगा. इसके साथ ही कांग्रेस नेताओं की आपसी खींचतान पर किरोड़ी ने कहा कि कांग्रेस में नेताओं की लड़ाई जनता के लिए नहीं, बल्कि पदों के लिए होती है. उनके मुताबिक पार्टी के भीतर चल रही बयानबाजी भी एक-दूसरे को कमजोर करने की कवायद का हिस्सा है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इससे फायदा आखिरकार बीजेपी को ही मिल रहा है. किरोड़ी ने साफ संदेश दिया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी. साथ ही उन्होंने कहा कि खाद और बीज में गड़बड़ करने वालों पर कार्रवाई भी नहीं रुकेगी.
यह भी पढे़ं-
सचिन पायलट vs अशोक गहलोत राउंड-2: राजस्थान में कांग्रेस के भीतर नैरेटिव का संघर्ष!
राजस्थान में राज्यसभा चुनाव के लिए नहीं होगी वोटिंग! बीजेपी-कांग्रेस के तीन उम्मीदवार मैदान में