कोटा में जेईई की तैयारी कर रही छात्रा की मौत पर सस्पेंस बरकरार है. सोमवार (29 जून) को एमबीएस अस्पताल में छात्रा का पोस्टमार्टम हुआ. कोचिंग छात्रा की मौत की सूचना पर परिजन बिहार के रानीगंज से कोटा पहुंचे. शनिवार (27 जून) देर रात विज्ञान नगर फ्लाईओवर से गिरने से छात्रा जयश्री की मौत हुई थी. इस मामले में पुलिस सुसाइड के एंगल से भी जांच कर रही है. फिलहाल वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है.
शुरुआती जांच में फ्लाईओवर से कूदने की बात
पोस्टमार्टम होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया. पुलिस के अनुसार, छात्रा जयश्री की मंगलवार को विज्ञान नगर फ्लाईओवर से गिरने के बाद मौत हो गई थी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि छात्रा ने फ्लाईओवर से छलांग लगाई थी. हालांकि, यह आत्महत्या का मामला है या कोई हादसा, इस बारे में पुख्ता तौर पर स्पष्ट नहीं किया गया है. पुलिस को घटनास्थल और छात्रा के कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है.

कोटा में जेईई की तैयारी कर रही छात्रा जयश्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी.
कॉल डिटेल्स से खुलेगा राज?
पुलिस छात्रा के मोबाइल, कॉल डिटेल और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है. विज्ञान नगर थाने की सब इंस्पेक्टर अंजलि ने बताया, "जयश्री पिछले 2 साल से कोटा में रहकर जेईई परीक्षा की तैयारी कर रही थी. परिजनों के कोटा पहुंचने के बाद आज पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की गई."
सबूत जुटाने में लगी पुलिस
एसआई अंजलि ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों के बारे में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा.
यह भी पढ़ेंः सीकर में नीट की तैयारी करने वाले छात्रों को छात्रावास में पीटा, हॉस्टल संचालक ने बाउंसरों से पिटवाया