कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मेडिकल ICU में एक मरीज की मौत के बाद जमकर हंगामा हो गया. मृतक के परिजनों ने ड्यूटी पर तैनात रेजिडेंट डॉक्टरों के साथ मारपीट की, और ICU में तोड़फोड़ कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया. घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बन गया. जानकारी के अनुसार, रामपुरा निवासी अमर सिंह नरूका को ब्रेन स्ट्रोक के चलते गंभीर अवस्था में मेडिकल आईसीयू में भर्ती कराया गया था. इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें बचाने के लिए सीपीआर दिया, लेकिन उनकी मौत हो गई.
ICU में तोड़फोड़ की
मृतक के परिजन आक्रोशित हो गए. आरोप है कि शक्ति सिंह सहित 5 से 7 परिजनों ने ड्यूटी पर मौजूद डॉ. अर्पित सिंघल, डॉ. आयुष शर्मा और डॉ. भारतेन्द्र मंगल के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की. इस दौरान ICU में तोड़फोड़ भी की गई, जिससे वहां भर्ती अन्य गंभीर मरीजों के उपचार में भी बाधा उत्पन्न हुई.
कार्य बहिष्कार की चेतावनी
सूचना मिलते ही महावीर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. पीड़ित चिकित्सकों की ओर से महावीर नगर थाने में राजकार्य में बाधा, मारपीट की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है. पुलिस ने शक्ति सिंह नाम के एक युवक को हिरासत में भी ले लिया है. घटना की पूरी तस्वीरें अस्पताल के CCTV कैमरों में भी कैद हुई है. घटना के बाद रेजिडेंट डॉक्टरों में आक्रोश है. रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष हेमंत शर्मा ने बताया कि डॉक्टरों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग करते हुए कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है.
परिजनों ने लापरवाही के लगाए आरोप
मृतक के दामाद ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि मरीज की हालत में पहले सुधार था, लेकिन बुधवार रात बेड शिफ्ट किए जाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी. परिजनों ने अस्पताल स्टाफ को कई बार इसकी जानकारी दी, लेकिन समय पर ध्यान नहीं दिया गया, जिसके कारण मरीज की मौत हो गई.
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. अस्पताल प्रशासन भी घटना की आंतरिक जांच कर रहा है.
यह भी पढ़ें: विदेशों में महका झालावाड़ का बासमती चावल, ईरान, इराक और यूएई में बढ़ी मांग तो किसान मालामाल