REET 2021 परीक्षा में बिठाया था डमी कैंडिडेट, 5 साल बाद मास्टरमाइंड को पुलिस ने दबोचा   

राजस्थान में कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस ने REET 2021 फर्जीवाड़े के मास्टरमाइंड विजय सिंह को गिरफ्तार किया है. यह आरोपी असली उम्मीदवार की जगह डमी कैंडिडेट बैठाने के रैकेट में शामिल था और 2021 से फरार चल रहा था.  

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी.

Rajasthan News: राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले में पुलिस ने REET परीक्षा 2021 के फर्जीवाड़े में शानदार कामयाबी हासिल की है. सालों से छिपे हुए 5 हजार रुपये के इनामी अपराधी विजय सिंह उर्फ विजय देव को आखिरकार दबोच लिया गया. यह आरोपी असली उम्मीदवार की जगह डमी कैंडिडेट बिठाने का मास्टरमाइंड था और 2021 से लगातार फरार चल रहा था. पुलिस की विशेष टीम ने गुप्त सूचना पर छापा मारकर उसे गिरफ्तार किया. 

परीक्षा केंद्र पर हुआ था सनसनीखेज खुलासा

घटना की जड़ 26 सितंबर 2021 को राव पीयूष सिंह कॉलेज जखराना में हुई थी जहां REET परीक्षा चल रही थी. परीक्षा केंद्र के प्राचार्य लोकेश कुमार पुत्र रामदत्त निवासी माचल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई.

रिपोर्ट में बताया गया कि सुबह करीब 9 बजे असली उम्मीदवार राहुल सिंह अपनी आईडी और एडमिट कार्ड लेकर अपनी सीट पर बैठ गया. लेकिन ठीक 20 मिनट बाद उसी नाम और रोल नंबर वाली आईडी लेकर एक दूसरा शख्स कक्षा में घुसने की कोशिश करने लगा. द्वार पर खड़े पर्यवेक्षक हरद्वारी लाल को शक हुआ और उन्होंने आईडी चेक की.

जांच में पता चला कि सीट पर पहले से ही कोई बैठा है और दोनों की आईडी एक जैसी हैं. दूसरा व्यक्ति भागने की कोशिश करने लगा लेकिन केंद्र पर्यवेक्षक मोनिका यादव और अधीक्षक लोकेश कुमार को सूचना देकर उसे रोक लिया गया. दोनों को सुरक्षाकर्मियों की निगरानी में रखा गया. इस फर्जीवाड़े की खबर फैलते ही थाना बहरोड़ में मुकदमा दर्ज हुआ और जांच शुरू हो गई.

Advertisement

पहले भी हो चुकी थीं गिरफ्तारियां लेकिन बच निकला

पुलिस ने अगले ही दिन 27 सितंबर 2021 को असली उम्मीदवार राहुल सिंह और डमी कैंडिडेट सौरव सिंह को गिरफ्तार कर लिया. लेकिन इस रैकेट में शामिल दो अन्य आरोपी ऋषिपाल पुत्र देशराज निवासी रामसर थाना गोंड जिला अलीगढ़ उत्तर प्रदेश और विजय सिंह उर्फ विजय देव भागने में कामयाब हो गए. पुलिस की तमाम कोशिशों के बाद भी वे नहीं पकड़े गए तो कोटपूतली-बहरोड़ के पुलिस अधीक्षक ने दोनों पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया.

विशेष टीम की मेहनत रंग लाई

थानाधिकारी विक्रांत शर्मा ने बताया कि इनामी अपराधियों को पकड़ने के लिए थाना बहरोड़ की विशेष टीम बनाई गई. टीम को विश्वसनीय सूचना मिली कि विजय सिंह किसी ठिकाने पर छिपा है. इसी आधार पर छापेमारी की गई और उसे धर दबोचा गया. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि घोटाले के पूरे नेटवर्क का पता लग सके.

Advertisement

यह भी पढ़ें- Rajasthan: नीमकाथाना रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी, प्रशासन में हड़कंप; जीआरपी और पुलिस सतर्क