सत्ता का सेमीफाइनल जीती भाजपा, 12 राज्यों में होगी सरकार, लोकसभा चुनाव पर पड़ेगा बड़ा असर

3 राज्यों में जीत की ओर बढ़ रही भाजपा की अब 12 राज्यों में सरकार हो जाएगी. निश्चित रूप से इसका बड़ा असर अब लोकसभा चुनाव पर पड़ने वाला है. 

विज्ञापन
Read Time: 12 mins
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)

Assembly Election Result 2023: चार राज्यों के विधानसभा चुनावों में से 3 में स्पष्ट जीत की ओर बढ़ रही भारतीय जनता पार्टी यदि इन राज्यों में सरकार बना लेती है, तो वह अब अपने दम पर 12 राज्यों में सत्ता में होगी. जबकि दूसरी सबसे बड़ी राष्ट्रीय पार्टी कांग्रेस राजस्थान और छत्तीसगढ़ में हारने के बाद तीन राज्यों में सिमट जाएगी. दिल्ली और पंजाब में अपनी सरकार के साथ आम आदमी पार्टी (आप) राष्ट्रीय दलों में तीसरे स्थान पर है.

इन राज्यों में होगी भाजपा की सरकार

केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा उत्तराखंड, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, गुजरात, गोवा, असम, त्रिपुरा, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश में सत्ता में है और आज जारी मतगणना के रुझान यदि परिणामों में बदल जाते हैं तो वह मध्य प्रदेश में सत्ता बरकरार रखेगी और राजस्थान और छत्तीसगढ़ को कांग्रेस से छीन लेगी. इसके अलावा, भाजपा चार राज्यों - महाराष्ट्र, मेघालय, नगालैंड और सिक्किम में सत्तारूढ़ गठबंधन का भी हिस्सा है.

Advertisement

कांग्रेस की इन राज्यों होगी सरकार

कांग्रेस अब अपने दम पर तीन राज्यों - कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना में सत्ता में होगी. तेलंगाना में कांग्रेस अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) को हराकर जीत की राह पर है.साथ ही कांग्रेस बिहार और झारखंड में सत्तारूढ़ गठबंधन का भी हिस्सा है और तमिलनाडु में शासन करने वाली द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) की सहयोगी है. हालांकि, वह राज्य सरकार का हिस्सा नहीं है.

नतीजों ने एक प्रमुख विपक्षी दल के रूप में आप की स्थिति को मजबूत किया. वह दो राज्यों में सरकार के साथ दूसरी सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी बन गई है, क्योंकि कांग्रेस की हिस्सेदारी में गिरावट आई है.

आप नेता जैस्मीन शाह ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज के परिणामों के बाद, आम आदमी पार्टी दो राज्य सरकारों - पंजाब और दिल्ली के साथ उत्तर भारत में सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी के रूप में उभरी है.''

वर्तमान में भारत में छह राष्ट्रीय दल - भाजपा, कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी (बसपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) और आप हैं.

Advertisement
विधानसभा चुनाव का अगला दौर 2024 में होगा जब सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में चुनाव होंगे. जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव भी लंबित हैं.

इस दौर में कई मौजूदा सांसदों ने विधानसभा चुनाव लड़ा है, इसलिए लोकसभा की उन सीट के खाली होने की उम्मीद है. हालांकि, चूंकि आम चुनाव अगले साल होने हैं, इसलिए विधायक के रूप में चुने जाने पर सांसदों के सीट खाली करने पर भी कोई उपचुनाव नहीं होगा.

ये भी पढ़ें- सामने आया प्रह्लाद जोशी का बयान 'बहुत जल्द होगा नए मुख्यमंत्री का फैसला'


Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.