विज्ञापन
This Article is From Mar 07, 2026

LPG Price Hike: आज से ₹60 महंगा हुआ घरेलू गैस सिलेंडर, कमर्शियल के दाम भी ₹114 उछले; चेक करें अपने शहर के नए रेट

सरकारी तेल कंपनियों ने 7 मार्च 2026 से एलपीजी की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है. राजस्थान में घरेलू सिलेंडर ₹60 और कमर्शियल ₹114.5 महंगा हुआ है. जयपुर, जोधपुर और अजमेर सहित प्रमुख शहरों के आधिकारिक आंकड़े यहां देखें.

LPG Price Hike: आज से ₹60 महंगा हुआ घरेलू गैस सिलेंडर, कमर्शियल के दाम भी ₹114 उछले; चेक करें अपने शहर के नए रेट
राजस्थान में घरेलू गैस ₹60 और कमर्शियल सिलेंडर ₹114.5 महंगा, तेल कंपनियों ने जारी की नई आधिकारिक दरें

Rajasthan News: मिडिल ईस्ट में जारी सैन्य संघर्ष का सीधा असर आज से देश की रसोई पर दिखना शुरू हो गया है. सरकारी तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने शनिवार, 7 मार्च 2026 से एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी लागू कर दी है. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, बिना सब्सिडी वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम में ₹60 की वृद्धि की गई है, जबकि व्यावसायिक (कमर्शियल) सिलेंडर ₹114.5 महंगा हो गया है.

11 महीने बाद घरेलू गैस की कीमतों में बदलाव

सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार, घरेलू रसोई गैस की कीमतों में यह बढ़ोतरी करीब 11 महीने के अंतराल के बाद हुई है. इससे पहले अप्रैल 2025 में दाम बढ़ाए गए थे. नई दरों के बाद दिल्ली में घरेलू सिलेंडर ₹913 का हो गया है, वहीं राजस्थान के जयपुर में इसकी आधिकारिक कीमत अब ₹916.50 निर्धारित की गई है. हालांकि, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को मिलने वाली सब्सिडी जारी रहेगी, जिससे उन्हें इस बढ़ोतरी से आंशिक राहत मिलेगी.

कमर्शियल सिलेंडर: एक हफ्ते में दूसरी बढ़ोतरी

व्यावसायिक गैस का उपयोग करने वाले होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के लिए यह 'दोहरी मार' है. 1 मार्च को हुई ₹28 की बढ़ोतरी के ठीक 6 दिन बाद आज फिर ₹114.5 दाम बढ़ा दिए गए हैं. जयपुर में अब 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर ₹1,796.50 की जगह ₹1,911 में मिलेगा. इस साल जनवरी से अब तक कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में कुल ₹302.50 का इजाफा हो चुका है.

प्रमुख शहरों में सिलेंडर की नई कीमतें

7 मार्च 2026 से राजस्थान के प्रमुख शहरों में एलपीजी सिलेंडर की नई दरें लागू हो गई हैं, जिसके तहत अब जयपुर में घरेलू सिलेंडर ₹916.50 और कमर्शियल ₹1,911.00 में मिलेगा. जबकि जोधपुर में घरेलू सिलेंडर के दाम ₹920.50 और कमर्शियल के ₹1,922.50 पहुंच गए हैं. इसी प्रकार अजमेर में नई कीमतें क्रमशः ₹918.00 और ₹1,863.00, कोटा में ₹934.00 और ₹1,952.50, उदयपुर में ₹944.50 और ₹1,980.50, तथा बीकानेर में घरेलू सिलेंडर ₹924.50 और कमर्शियल सिलेंडर ₹1,936.50 की दर से उपलब्ध होगा.

कंपनियों की सफाई: पर्याप्त है स्टॉक

कीमतों में उछाल के बीच पेट्रोल और डीजल की किल्लत की अफवाहों पर भारत पेट्रोलियम (BPCL) और इंडियन ऑयल (IOCL) ने आधिकारिक बयान जारी किया है. कंपनियों ने 'X' (पूर्व में ट्विटर) पर स्पष्ट किया कि देश में ईंधन का स्टॉक पूरी तरह पर्याप्त है और सप्लाई चेन में कोई बाधा नहीं है. उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे पैनिक बुकिंग न करें.

शेयर बाजार पर असर

बाजार की स्थिति को देखते हुए शुक्रवार को तेल कंपनियों के शेयरों में भी गिरावट दर्ज की गई. BPCL का शेयर लगभग 2% गिरकर ₹352.95 और IOCL का शेयर 2% की गिरावट के साथ ₹168.10 पर बंद हुआ.

ये भी पढ़ें:- 'क्या बेटी होना ही मेरा दोष है?' रेपिस्ट पिता की उम्रकैद बरकरार; हाईकोर्ट ने फैसले में बयां किया दर्द

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com