विज्ञापन
This Article is From Sep 20, 2025

Rajasthan: पहली बार स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में ओलंपिक के लिए तैयार होंगे खिलाड़ी, जयपुर के अचरोल में बनेगा विश्वविद्यालय

Rajasthan Sports University: राजस्थान में पहली बार खेल विश्वविद्यालय के तौर पर महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना की जाएगी. कैबिनेट ने विश्वविद्यालय के लिए बिल को मंजूरी दे दी है.

Rajasthan: पहली बार स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में ओलंपिक के लिए तैयार होंगे खिलाड़ी, जयपुर के अचरोल में बनेगा विश्वविद्यालय
प्रतीकात्मक तस्वीर

Maharana Pratap Sports University in Rajasthan: राजस्थान सरकार ने शुक्रवार (19 सितंबर) को 'महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी जयपुर विधेयक 2025' को मंजूरी दे दी. यह बिल आगामी विधानसभा सत्र में पेश किया जाएगा. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में यह फैसला लिया गया. इसके साथ ही राज्य में पहली बार खेल विश्वविद्यालय की स्थापना का रास्ता खुल जाएगा. डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने फैसले के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि यह कदम राजस्थान की खेल प्रतिभाओं को निखारने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने में मील का पत्थर साबित होगा.  

खिलाड़ियों के लिए डिग्री-डिप्लोमा कोर्स

यह विश्वविद्यालय जयपुर के अचरोल क्षेत्र में स्थापित होगा, जहां जयपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी (जेडीए) ने 1.9 लाख वर्ग मीटर भूमि उपलब्ध कराई है. विश्वविद्यालय में खेल विज्ञान, तकनीक, प्रदर्शन विश्लेषण और अनुसंधान पर फोकस होगा. आधुनिक खेल बुनियादी ढांचे से लैस यह संस्थान राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप एक्सीलेंस सेंटर बनेगा. इससे खिलाड़ियों के लिए डिग्री और डिप्लोमा कोर्स उपलब्ध होंगे, जो ओलंपिक जैसे वैश्विक आयोजनों के लिए उन्हें तैयार करेंगे.

प्रदेश में खेलों और शारीरिक शिक्षा को बढ़ावा देते हुए प्रतिभाशाली युवाओं को आधुनिक उपकरणों के साथ वैज्ञानिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने, विभिन्न खेलों के उच्चस्तरीय कोच एवं खेल विशेषज्ञ तैयार करने के लिए महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी स्थापित की जाएगी.

सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में काम करेगा विश्वविद्यालय

डॉ. बैरवा ने बताया कि यह विश्वविद्यालय खेल विज्ञान, स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी और परफॉर्मेन्स एनालिटिक्स पर शोध को बढ़ावा देगा, जिससे खेलों की गुणवत्ता और खिलाड़ियों के प्रदर्शन में सुधार आएगा. यह विश्वविद्यालय राष्ट्रीय शिक्षा नीति के लक्ष्यों और उद्देश्यों के अनुरूप खेलों के विकास के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में भी कार्य करेगा. नवीनतम स्पोर्ट्स इन्फ्रास्ट्रक्चर से लैस यह विश्वविद्यालय हाई परफॉर्मेन्स ट्रेनिंग सेन्टर के रूप में प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप निखारने का काम करेगा.

पिछले साल बजट में हुई थी घोषणा

यह निर्णय खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ की पहल का हिस्सा है, जो जुलाई-2024 के बजट में घोषित हुआ था. संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यकाल में चौथी बार राजस्थान आ रहे हैं. उनकी यह यात्रा खेल और विकास परियोजनाओं को गति देगी. महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी देश की पहली ऐसी यूनिवर्सिटी होगी, जो राजस्थान के गौरवशाली इतिहास से प्रेरित होकर युवाओं को सशक्त बनाएगी."  

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com