Rajasthan News: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार स्थित मेवाड़ यूनिवर्सिटी में बीएससी नर्सिंग कोर्स की मान्यता को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है. गुरुवार को भी छात्र-छात्राओं ने यूनिवर्सिटी गेट पर प्रदर्शन किया. स्थिति को देखते हुए परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
प्रशासन पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज
छात्रों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने यूनिवर्सिटी के चेयरमैन अशोक कुमार गदिया, रजिस्ट्रार सी.डी. कुमावत और वाइस चांसलर सहित 6 नामजद और अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज किया है. अब तक कुल 3 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं. विवाद बढ़ने के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने अनिश्चितकाल के लिए कक्षाएं निलंबित कर दी हैं और चार परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं.
40 छात्रों को किया गया सस्पेंड
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे करीब 40 छात्र-छात्राओं को रजिस्ट्रार द्वारा पहले ही निलंबित किया जा चुका है. छात्रों का एक प्रतिनिधिमंडल हाल ही में जयपुर पहुंचा और उच्च अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी बात रखी. उनका कहना है कि उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है. उन्होंने मांग की है कि बीएससी नर्सिंग कोर्स को तुरंत मान्यता दिलाई जाए या फिर सभी प्रभावित छात्रों को किसी मान्यता प्राप्त कॉलेज में शिफ्ट किया जाए.
धक्का-मुक्की और तोड़फोड़ के आरोप
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि यूनिवर्सिटी फैकल्टी उन्हें परेशान कर रही है. गेट पर प्रदर्शन के दौरान धक्का-मुक्की की घटना भी सामने आई. वहीं यूनिवर्सिटी की मेस में तोड़फोड़ का मामला भी सामने आया. हालात बिगड़ते देख कई छात्र घर लौट गए.
यूनिवर्सिटी प्रशासन का पक्ष
रजिस्ट्रार सी.डी. कुमावत का कहना है कि 2022-23 के एडमिशन कोर्ट के आदेश के तहत हुए थे. सरकार ने तय समय में आपत्ति नहीं जताई इसलिए मान्यता को स्वीकृत माना जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि छात्रों का भविष्य सुरक्षित है. यह मामला हाल ही में राज्यसभा में भी उठ चुका है.