फलोदी: मारपीट केस की MLC रिपोर्ट के बदले डॉक्टर ने मांगी 7 हजार रिश्वत, ACB ने रंगे हाथ दबोचा 

राजस्थान के फलोदी जिला अस्पताल में एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डॉक्टर को एमएलसी रिपोर्ट के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में ट्रैप किया है. आरोपी डॉक्टर से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
राजस्थान के फलोदी जिला अस्पताल में एसीबी ने बड़ी कार्रवाई.

Rajasthan News: राजस्थान के फलोदी में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर जितेंद्र गौड़ को ट्रैप कर लिया. आरोप है कि डॉक्टर ने मारपीट के एक मामले में एमएलसी रिपोर्ट अनुकूल बनाने के बदले परिवादियों से 7 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी. शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने जांच कर कार्रवाई को अंजाम दिया.

एमएलसी रिपोर्ट के बदले मांगे थे पैसे

जानकारी के अनुसार मारपीट के एक मामले में कुछ लोग एमएलसी रिपोर्ट बनवाने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे. आरोप है कि डॉक्टर जितेंद्र गौड़ ने रिपोर्ट को उनके पक्ष में तैयार करने के लिए 7 हजार रुपये की मांग की. परिवादियों को यह बात गलत लगी जिसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से कर दी.

Advertisement

शिकायत का कराया गया सत्यापन

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया. पहले शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया गया ताकि आरोपों की पुष्टि हो सके. जांच के दौरान शिकायत सही पाई गई. इसके बाद एसीबी टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई.

घर पर पहुंचकर किया ट्रैप

योजना के तहत एसीबी की टीम ने कार्रवाई करते हुए डॉक्टर जितेंद्र गौड़ को उसके ही घर पर ट्रैप कर लिया. यह पूरी कार्रवाई एसीबी के सीआई अनिल बिश्नोई के नेतृत्व में की गई. ट्रैप के बाद टीम ने आरोपी डॉक्टर को अपने कब्जे में ले लिया और आगे की पूछताछ के लिए फलोदी पुलिस थाने लाया गया.

पूरे मामले की जांच जारी

एसीबी के सीआई अनिल बिश्नोई ने बताया कि डॉक्टर के खिलाफ एमएलसी रिपोर्ट के बदले पैसे मांगने की शिकायत मिली थी. शिकायत के सत्यापन के बाद ही ट्रैप की कार्रवाई की गई. फिलहाल आरोपी डॉक्टर से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.

अस्पताल में मची चर्चा

इस कार्रवाई के बाद फलोदी जिला अस्पताल और आसपास के क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चा का माहौल है. एसीबी की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

यह भी पढ़ें- फर्जी ताईक्वाण्डो प्रमाण पत्र से शिक्षक भर्ती में नौकरी की कोशिश, SOG ने 20 आरोपियों को किया गिरफ्तार