जोधपुर सेंट्रल जेल में इफ्तार पार्टी की फोटो वायरल, बंद‍ियों से म‍िले 13 मोबाइल फोन

जोधपुर में सेंट्रल जेल में इफ्तार पार्टी के बाद कैद‍ियों ने फोन से सेल्फी लेकर फोटो वायरल कर दी. अब फोटो में द‍िखने वाले कैदियों पर कार्रवाई की जाएगी.  

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
कैदियों ने सेंट्रल जेल में इफ्तार पार्टी का फोटो वायरल कर दिया.

तिहाड़ जेल के बाद सबसे सुरक्षित माने जाने वाली जोधपुर सेंट्रल जेल में एक बार फिर बड़ी संख्या में मोबाइल मिलने से प्रशासन हरकत में आया है.   जेल प्रशासन ने रातानाडा थाने में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज करवाए हैं. पुलिस में दी गई रिपोर्ट के अनुसार, 13 मोबाइल फोन और एक सिम बरामद हुई है. अब पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है. 

13 मोबाइल फोन बरामद  

जोधपुर सेंट्रल जेल में इफ्तार पार्टी की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जेल प्रशासन ने बड़ा एक्शन लेते हुए बंदियों के पास से 13 मोबाइल फोन बरामद किए हैं. कार्रवाई से नाराज कुछ बंदियों ने जेल परिसर में हंगामा भी किया, और प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध जताया. मामले को गंभीरता से लेते हुए जेल प्रशासन ने सभी आरोपित बंदियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है.

Advertisement

बंदियों से इफ्तार करवाया 

जेल मुख्यालय के निर्देश पर रमजान महीने के दौरान जेल में अलग-अलग बैरक बनाकर बंदियों को इफ्तार करवाया जा रहा था. इसी दौरान कुछ बंदियों ने इफ्तार पार्टी के दौरान फोटो खींचकर उसे जेल से बाहर वायरल कर दिया. जब यह फोटो जेल प्रशासन तक पहुंची, तो अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जेल में सर्च ऑपरेशन चलाया.

बंदियों से कड़ी पूछताछ की  

जेल अधीक्षक प्रदीप लखावत के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में बंदियों से कड़ी पूछताछ की गई. तलाशी के दौरान अलग-अलग बैरकों से कुल 13 मोबाइल फोन और एक सिम बरामद किए गए. बताया जा रहा है कि मोबाइल फोन मिलने के बाद जेल प्रशासन ने संबंधित बंदियों से पूछताछ शुरू की तो कुछ बंदियों ने हंगामा कर दिया, और कार्रवाई का विरोध किया. 

बंदियों की पहचान की जा रही है 

वायरल फोटो में दिखाई दे रहे सभी बंदियों की पहचान की जा रही है. उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी. बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन को अब साइबर एक्सपर्ट के जरिए जांच के लिए भेजा जाएगा, ज‍िससे यह पता लगाया जा सके कि बंदी जेल के अंदर से किन लोगों से संपर्क में थे, और मोबाइल का उपयोग किस उद्देश्य से किया जा रहा था.

जेल प्रशासन कर रहा जांच 

जेल प्रशासन भी जांच कर रहा है कि आखिरकार इतने मोबाइल फोन जेल के अंदर कैसे पहुंचे. शुरुआती जांच में लापरवाही की आशंका के चलते कुछ जेल कर्मियों और जेलर की भूमिका भी संदेह के घेरे में बताई जा रही है. यदि जांच में उनकी संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल जेल अधीक्षक ने पूरे जेल परिसर में सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने के निर्देश दिए गए हैं. 

Advertisement

यह भी पढ़ें: 'परिवार कर्ज और आर्थिक तंगी से था परेशान', हनुमानगढ़ ब्लास्ट साजिश के आरोपी का भाई बोला- 8 मार्च से था लापता