Rajasthan News: राजस्थान के हनुमानगढ़ में ब्लास्ट की साजिश के मामले में गिरफ्तार अजमेर निवासी अली अकबर को लेकर अब उसके परिवार की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है. आरोपी के भाई अली असकर ने बताया कि अली अकबर 8 मार्च से घर से लापता था और परिवार को उसके बारे में कोई जानकारी नहीं थी. उसके अचानक गायब होने से परिवार भी चिंतित था.
घर से मां से लेकर गया था 1000 रुपए
अजमेर के लौंगिया गली नंबर 1 में रहने वाला अली अकबर जब घर से निकला था तब उसने अपनी मां से करीब 1000 रुपए लिए थे. इसके अलावा कुछ दिन पहले उसके भाई अली असकर ने भी उसके बैंक खाते में 500 रुपए डाले थे. परिवार का कहना है कि उस समय किसी को अंदाजा नहीं था कि वह किसी मामले में फंस जाएगा.
दरगाह के पास ऑटो चलाकर करता था गुजारा
परिवार के अनुसार अली अकबर अजमेर रेलवे स्टेशन के पास ऑटो चलाने का काम करता था. वह अजमेर दरगाह में आने वाले जायरीनों को लाने और छोड़ने का काम करता था. इसी से उसकी रोजी-रोटी चलती थी और वह अपने परिवार का खर्च भी इसी से चलाता था.
रमजान में कम हो गई थी आमदनी
भाई अली असकर ने बताया कि रमजान के महीने में दरगाह पर आने वाले जायरीनों की संख्या कम हो गई थी. इसके कारण अली अकबर की कमाई भी घट गई थी. परिवार के अनुसार उसकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी और उस पर कुछ कर्ज भी था. वह घर खर्च के लिए करीब 500 रुपए देता था और अपनी जिम्मेदारियां निभाने की कोशिश करता था.
शादीशुदा है आरोपी, दो छोटे बच्चे
परिवार के अनुसार अली अकबर की शादी सोजत में हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं. परिवार का कहना है कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि वह इस मामले में कैसे शामिल हो गया.
अगर किसी ने लालच दिया हो तो कार्रवाई हो
अली अकबर के भाई ने कहा कि अगर किसी ने उसे पैसों या लालच में फंसाकर किसी साजिश में शामिल किया है तो ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि पुलिस जो भी जांच कर रही है परिवार उसका पूरा सहयोग करेगा. फिलहाल जांच एजेंसियां आरोपी से पूछताछ कर मामले की गहराई से जांच कर रही हैं.
यह भी पढ़ें- मरीजों के बीच जश्न! सीकर के सरकारी अस्पताल में डीजे बजाकर नाचता दिखा स्टाफ; स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की जांच