ACB Action In Jaipur: राजस्थान की राजधानी जयपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. जयपुर में जांच के सिलसिले में आए कर्नाटक पुलिस के तीन कर्मियों को एसीबी ने रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है. जानकारी के अनुसार, मामला दहेज उत्पीड़न की जांच से जुड़ा है.
बेंगलुरु पुलिस की सब-इंस्पेक्टर अनीता, हेड कांस्टेबल यतीश कुमार और उल्वप्पा इस केस के सिलसिले में जयपुर पहुंचे थे. आरोप है कि जांच के दौरान इन पुलिसकर्मियों ने पीड़ित पक्ष को डराया-धमकाया और राहत देने के नाम पर 2 लाख रुपये की भारी रिश्वत मांगी.
40 हजार रुपये लेते दबोचा
घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत इसकी शिकायत एसीबी से की. शिकायत के आधार पर एसीबी ने जाल बिछाया और जयपुर के होटल गणगौर में आरोपियों को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया. एसीबी के एडिशनल एसपी भूपेंद्र चौधरी के नेतृत्व में इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया.
एसआई की बिगड़ी तबीयत
कार्रवाई के दौरान जैसे ही एसीबी ने अपना जाल बिछाया, महिला एसआई अनीता घबरा गईं और उन्हें ब्लड प्रेशर की समस्या हो गई. हालांकि एसीबी टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई. स्वास्थ्य स्थिर होने के बाद अब तीनों आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है. एसीबी यह पता लगाने में जुटी है कि इस भ्रष्टाचार के नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है. फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है.
यह भी पढ़ें-
दौसा में आगरा बाईपास पर भीषण सड़क हादसा, यूपी रोडवेज की बस ट्रक से टकराई, 22 यात्री घायल
पहली बार चित्तौड़गढ़ दुर्ग में चला बुलडोजर, सुबह 4 बजे पहुंचे अधिकारी; इलाके में हड़कंप