Rajasthan News: अजमेर में 28 फरवरी को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशाल जनसभा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है. कार्यक्रम स्थल कायड़ विश्रामस्थली पर संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह, आईजी राजेंद्र सिंह, जिला कलेक्टर लोकबंधु, एसपी वंदिता राणा सहित प्रशासन व पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. अधिकारियों ने मंच, आमजन बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा घेरा, वीवीआईपी मूवमेंट रूट, बैरिकेडिंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की.
कई स्तर का रहेगा सुरक्षा प्लान
सुरक्षा एजेंसियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं. वहीं पुलिस द्वारा बहुस्तरीय सुरक्षा प्लान तैयार किया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो. प्रशासन का फोकस भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक डायवर्जन और सुगम आवागमन पर भी केंद्रित है. प्रस्तावित दौरे के दौरान प्रधानमंत्री अजमेर से लगभग 23,500 करोड़ रुपये लागत के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे. साथ ही रोजगार उत्सव के तहत करीब 21 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे, जिसे लेकर युवा वर्ग में खासा उत्साह देखा जा रहा है.
सभी विभागों को सौंपी जिम्मेदारी
जिला कलेक्टर लोकबंधु ने बताया कि दौरे को लेकर सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रशासनिक समन्वय के साथ-साथ आधारभूत व्यवस्थाओं को भी सुदृढ़ किया जा रहा है. वहीं कल मुख्य सचिव वी. श्रीनिवासन के भी अजमेर पहुंचकर तैयारियों की उच्च स्तरीय समीक्षा करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसके मद्देनज़र विभागीय प्रस्तुतियां तैयार की जा रही हैं. प्रशासन का लक्ष्य कार्यक्रम को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और ऐतिहासिक बनाना है.
यह भी पढे़ं-
अजमेर में प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के विरोध का ऐलान, युवा कांग्रेस ने जारी किया बयान
पीएम मोदी का राजस्थान दौरा तय, अजमेर की धरती से 23500 करोड़ की देंगे सौगात; जानें पूरा कार्यक्रम