विज्ञापन

बूंदी में लाठी-पत्थरों से गर्भवती पर हमला, गर्भ में ही जुड़वा बच्‍चों की मौत 

गर्भवती महिला का मारा तो पेट के बल जमीन पर गिर गई, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और उसे प्रसव पीड़ा शुरू हो गई.

बूंदी में लाठी-पत्थरों से गर्भवती पर हमला, गर्भ में ही जुड़वा बच्‍चों की मौत 
घायल महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

राजस्थान के बूंदी जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां जमीनी विवाद ने एक गर्भवती महिला की जिंदगी को गहरे सदमे में डाल दिया. मारपीट के दौरान घायल महिला के पेट में पल रहे जुड़वा बच्‍चों की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश और शोक का माहौल है. घायल मह‍िला का अस्‍पताल में ज‍िंदगी और जीवन से जंग लड़ रही है.

जमीनी विवाद में मारपीट  

मामला दबलाना थाना क्षेत्र के दुर्गापुरा गांव का है, यहां दो पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. आरोप है कि पीड़िता के रिश्तेदार ही उसकी जमीन पर मकान निर्माण कर रहे थे. कई बार मना करने के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा. इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया, और देखते ही देखते दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई. बताया जा रहा है कि जब झगड़ा बढ़ा तो गर्भवती महिला ब्रह्मा बाई बीच-बचाव करने के लिए मौके पर पहुंची. आरोपियों ने उस पर लाठियों और पत्थरों से हमला कर दिया.

हमले के बाद गर्भवती की हालत बिगड़ी   

घटना के बाद परिजन घायल महिला को तुरंत हिण्डोली अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, वहां चिकित्सकों ने महिला की जान बचाने के लिए तत्काल ऑपरेशन किया. डॉक्टरों की टीम ने महिला की हालत को संभाल लिया, लेकिन उसके पेट में पल रहे करीब 5 महीने के दोनों नवजातों को बचाया नहीं जा सका. 

8 साल बाद मिली खुशियां छिनी

पीड़िता ब्रह्मा बाई का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जा रहा है कि करीब 8 साल बाद उसे संतान सुख मिलने वाला था, और वह भी जुड़वा बेटों के रूप में, लेकिन इस घटना ने उसकी सारी खुशियां छीन ली. परिवार में मातम पसरा हुआ है, और गांव में भी घटना को लेकर गहरा आक्रोश है. पीड़िता और उसके परिजनों का आरोप है कि उन्होंने पहले भी इस जमीनी विवाद को लेकर दबलाना थाना पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन समय पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. 

पुलिस कर रही है मामले की जांच

सूचना मिलने पर दबलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची, और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी. 

यह भी पढ़ें: पत्‍नी को साइक‍िल पर बैठाकर ज‍िला अस्‍पताल के इंमरजेंसी वार्ड पहुंचा बुजुर्ग पत‍ि, वीडियो वायरल 

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close