Rajasthan News: राजस्थान में कभी तेंदुए के हमले की घटना तो कभी आदमखोर बाघ के आतंक से लोग परेशान हैं. बीच-बीच में प्रदेश में कुछ इलाके में भालू के खतरनाक हमले में लोग गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं. रविवार को पाली जिले में भालू के हमले की घटना सामने आई है, यहां पर दोपहर में भैंस चराने गए एक व्यक्ति पर 2 भालुओं ने अचानक हमला कर दिया. इस दौरान भालुओं ने चरवाहे को बुरी तरह से शरीर पर नोच दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है.
दोपहर के समय हुई घटना
जानकारी के अनुसार, घटना देसूरी उपखंड क्षेत्र के सुमेर गांव की है. जहां पर रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भैंस चराने गए
एक चरवाहे पर दो भालुओं ने अचानक हमला कर दिया. हमले में नथाराम पुत्र हीराराम, जाति देवासी, उम्र 48 वर्ष, गंभीर रूप से घायल हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वणीया नाड़ी के निकट दोपहर के समय हुए इस हमले में भालुओं ने नथाराम के चेहरे सहित शरीर के कई हिस्सों को बुरी तरह नोंच लिया.
उदयपुर रेफर हुआ घायल चरवाहा
घटना के बाद ग्रामीणों ने घायल को देसूरी राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें उदयपुर रेफर किया गया. सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे. वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की है. वहीं, स्थानीय लोगों ने वन्यजीव गतिविधि बढ़ने पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है.
यह भी पढे़ं-
दौसा में दूध से भरे टैंकर ने 2 मजदूरों को रौंदा, एक की मौत दूसरा गंभीर घायल
नागौर से आ रही सेना की गाड़ी अनियंत्रित होकर पलटी, दो जवान गंभीर घायल