विज्ञापन
This Article is From Jun 24, 2025

Rajasthan: साइबर ठगी का मास्टरमाइंड नोएडा से गिरफ्तार, 28 करोड़ की ठगी का खुलासा

धौलपुर जिले की साइबर क्राइम पुलिस ने 28 करोड़ की साइबर ठगी करने वाले आरोपी सागर चौधरी को नोएडा से गिरफ्तार किया है.

Rajasthan: साइबर ठगी का मास्टरमाइंड नोएडा से गिरफ्तार, 28 करोड़ की ठगी का खुलासा
पकड़े गए आरोपी की तस्वीर

Rajasthan News: धौलपुर साइबर क्राइम पुलिस ने मंगलवार को साइबर ठगी के बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया. गैंग के सरगना सागर चौधरी को नोएडा से गिरफ्तार किया गया. यह ठग देशभर में 28 करोड़ रुपये की ठगी की वारदातों को अंजाम दे चुका है. पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में एटीएम कार्ड, मोबाइल, चेकबुक और पासबुक बरामद किए हैं.

22 लाख की ठगी से शुरू हुआ खुलासा

12 सितंबर 2024 को धौलपुर में एक शिकायतकर्ता ने साइबर पुलिस को बताया कि स्टॉक मार्केट में निवेश के नाम पर उसके साथ 22 लाख रुपये की ठगी हुई. पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. साइबर क्राइम पुलिस ने तकनीकी सबूतों और बैंक खातों की जानकारी के आधार पर सागर चौधरी को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ का निवासी पाया. इसके बाद नोएडा में छापा मारकर उसे धर दबोचा.

लालच का जाल: दोगुना-तिगुना मुनाफा

सागर चौधरी और उसका गैंग टेलीग्राम, व्हाट्सएप और सोशल मीडिया पर ग्रुप बनाकर लोगों को लुभाता था. ये ठग स्टॉक मार्केट में निवेश कर पैसे को दो-तीन गुना करने का झांसा देते थे. फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर भोले-भाले लोगों को अपने जाल में फंसाते थे. पैसे जमा होने के बाद फर्जी वेबसाइट और अकाउंट को बंद कर फरार हो जाते थे.

क्या-क्या बरामद हुआ?

पुलिस ने सागर चौधरी के पास से 8 मोबाइल, 33 एटीएम कार्ड, 6 चेकबुक, 17 बैंक पासबुक और तीन डायरियां जब्त कीं. इन डायरियों में 28 करोड़ की ठगी का हिसाब-किताब दर्ज है. पुलिस को शक है कि पूछताछ में ठगी की और भी वारदातों का खुलासा हो सकता है.

पुलिस की सख्ती और सलाह

धौलपुर के पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरड़ा के निर्देश पर साइबर अपराध के खिलाफ विशेष अभियान चल रहा है. सीओ मुनेश कुमार मीणा ने बताया कि गैंग में अन्य सदस्य भी शामिल हैं, जिनकी तलाश जारी है. पुलिस ने लोगों से सावधान रहने और अनजान लिंक या ग्रुप में निवेश न करने की अपील की है.

ये भी पढ़ें- जोधपुर एसीबी एक्शन: 2 हजार का घूस लेते पटवारी गिरफ्तार, म्यूटेशन भरने के नाम पर लेता था घूस

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com