Rajasthan News: राजस्थान के धौलपुर जिले से एक बेहद अजीबोगरीब मामला सामने आया है. यहां के गेदूपुरा गांव में होने वाली श्रीमद् भागवत कथा पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं. कथावाचक त्रिवेणी दास महाराज की पत्नी ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर चेतावनी दी है कि यदि उनके पति ने अपनी जेठानी के मायके में कथा की तो वह आत्महत्या कर लेंगी. इस धमकी के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
क्या है पूरा मामला
दरअसल, कथावाचक त्रिवेणी दास और उनकी पत्नी सीमा के बीच पिछले 12 सालों से कानूनी विवाद चल रहा है. विवाद तब गहरा गया जब सीमा की जेठानी के मायके पक्ष के लोगों ने त्रिवेणी दास को कथा सुनाने के लिए आमंत्रित किया. पत्नी ने इसे अपने अपमान और जेठानी के परिवार से पति की नजदीकियों से जोड़कर देखा. इसी के चलते सीमा ने पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचकर कड़े तेवर दिखाए और आत्महत्या की धमकी दे डाली.
पुलिस ने की कार्रवाई
एसपी के निर्देश पर कौलारी थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कथा के आयोजक दिनेश कुशवाहा और ग्रामीणजनों को थाने बुलाकर पाबंद कर दिया है. पुलिस ने उन्हें सलाह दी है कि विवाद से बचने के लिए किसी अन्य शास्त्री से कथा करवा लें.
ग्रामीणों के सामने धर्मसंकट
इधर, ग्रामीणों और आयोजक दिनेश कुशवाहा के सामने भारी धर्मसंकट खड़ा हो गया है. पिछले तीन महीनों से कथा की जोरो-शोरों से तैयारी चल रही थी, रिश्तेदार घर पहुँच चुके हैं और तमाम इंतजाम पूरे किए जा चुके हैं. अब ऐन वक्त पर आचार्य बदलने की चुनौती और कथा रुकने का डर ग्रामीणों को परेशान कर रहा है. धर्म के इस आयोजन में पारिवारिक रंजिश की एंट्री ने गांव के माहौल को तनावपूर्ण बना दिया है.
यह भी पढ़ें-