Rajasthan Vidhansabha Session: राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र के दौरान आज (24 फरवरी) सदन में भारी गहमागहमी रहने के आसार हैं. सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही सत्ता पक्ष ने अपनी कमर कस ली है. सुबह 10 बजे विधानसभा की 'पक्ष लॉबी' में भाजपा विधायक दल (BJP CLP) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विपक्ष के हमलों का जवाब देने और सदन के सुचारू संचालन को लेकर रणनीति तैयार की गई.
गौरतलब है कि सत्र के दौरान हर मंगलवार को भाजपा विधायक दल की यह नियमित बैठक आयोजित की जाती है ताकि सदन में सरकार का पक्ष मजबूती से रखा जा सके.
प्रश्नकाल में डिप्टी सीएम और मंत्रियों से पूछे जाएंगे सवाल
विधानसभा की कार्यवाही प्रश्नकाल के साथ शुरू होगी. मुख्यमंत्री से जुड़े विभागों के अलावा उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी से संबंधित विभागों, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, संसदीय कार्य, खाद्यान्न एवं नागरिक आपूर्ति, पशुपालन के डेयरी विभाग तथा वन विभाग से जुड़े विषयों पर सवाल जवाब होंगे.विशेष रूप से पशुपालन, डेयरी और खाद्यान्न आपूर्ति से जुड़े विषयों पर सदन में चर्चा गरम रहने की उम्मीद है।
अनुदान मांगों पर चर्चा और पारित करने का लक्ष्य
वही अनुदान की मांगो के तहत सदन में आज ऊर्जा विभाग तथा खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलात विभाग की अनुदान मांगो पर चर्चा की जाएगी. जिसके बाद उन्हें पारित किया जाएगा.
आकर्षण प्रस्ताव
सदन में ध्यान आकर्षण प्रस्तावों पर भी चर्चा होगी. जिसमें विधायक अमित चाचाण ने आश्रित को अनुकंपात्मक नियुक्ति दिलवाए जाने के संबंध में ध्यान आकर्षण प्रस्ताव लगाया है. इस विषय पर संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल का ध्यान आकर्षित किया जाएगा.
विधायक शत्रुघ्न गौतम ग्राम अजगरा तहसील सरवाड़ जिला अजमेर स्थित कथित चारागाह भूमि के आवंटन से उत्पन्न स्थिति के संबंध में ध्यान आकर्षित करेंगे. इस मामले में राजस्व मंत्री से जवाब मांगा जाएगा.
विधायक अशोक कुमार कोठारी ने जिंदल शॉ लिमिटेड के खनन पट्टों की शर्तों के उल्लंघन से उत्पन्न स्थिति के संबंध में ध्यान आकर्षण प्रस्ताव लगाया है. इस विषय पर चिकित्सा मंत्री का ध्यान आकर्षित किया जाएगा.
आज के प्रतिवेदन
सदन में विभिन्न समितियों के प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किए जाएंगे. जिसमें अल्पसंख्यकों के कल्याण एवं पर्यावरण संबंधी समिति का प्रतिवेदन सभापति डॉ दयाराम परमार प्रस्तुत करेंगे.अनुसूचित जाति कल्याण समिति का प्रतिवेदन सभापति डॉ विश्वनाथ की ओर से सदन में रखा जाएगा.
रविंद्र सिंह भाटी और रफीक खान की याचिकाएं
आज सदन में क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर विधायक भी मुखर नजर आएंगे. उनके जरिए याचिकाएं भी पेश की जाएंगी.इसमें आदर्श नगर विधायक रफीक खान अपने क्षेत्र में सामुदायिक केंद्र निर्माण, सीवरेज लाइन और स्कूलों में कक्षा निर्माण जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए तीन अलग-अलग याचिकाएं लगाएंगे.
वहीं, दूसरी तरफ बाड़मेर के शिव से विधायक भाटी ने ग्राम मांगता में हो रहे खनन से घरों और स्कूलों को होने वाले खतरे का मुद्दा उठाया है. वे खननकर्ताओं पर नियमों की सख्ती के लिए याचिका पेश करेंगे.
यह भी पढ़ें: Rajasthan News: पूर्व विधायक हेतराम बेनीवाल का 94 की उम्र में निधन, आज शाम पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार