Rajasthan News: राजस्थान सरकार ने प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग को और पैना करने के लिए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) में एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है. शासन ने राजस्थान पुलिस सेवा (RPS) के 16 वरिष्ठ अधिकारियों की तबादला सूची जारी कर दी है. इस बदलाव का मुख्य उद्देश्य ACB की फील्ड यूनिट्स और जांच शाखाओं को और अधिक सक्रिय और मजबूत बनाना है.
जयपुर और अजमेर संभाग में नए चेहरे
इस फेरबदल में राजधानी जयपुर समेत कई महत्वपूर्ण जिलों की जिम्मेदारी बदली गई है. झाबरमल को अब टोंक से हटाकर ACB मुख्यालय जयपुर (SIW) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है.
वहीं प्रशांत कौशिक को जयपुर एसीयू प्रथम और मनोज कुमार गुप्ता को जयपुर शहर चतुर्थ का कमान सौंपी गई है. महेंद्र कुमार गुप्ता अब जयपुर शहर द्वितीय का जिम्मा संभालेंगे जबकि सुनील कुमार को विभागीय जांच शाखा जयपुर में तैनात किया गया है. अजमेर की कमान अब देरावर सिंह के हाथों में होगी.
जिलों में नई तैनातियां और सरकार का विजन
भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान को जिलों तक प्रभावी बनाने के लिए ऋषिकेश मीणा को टोंक, ज्ञान सिंह चौधरी को दौसा और गोपाल स्वरूप मेवाड़ा को चित्तौड़गढ़ भेजा गया है. अन्य महत्वपूर्ण नियुक्तियों में रामेश्वर परिहार (सवाई माधोपुर), राजवीर सिंह चंपावत (ब्यावर), भूपेंद्र सिंह (फलौदी) और सतपाल सिंह (डीडवाना) के नाम शामिल हैं. इसके साथ ही खैरथल-तिजारा में महावीर सिंह, डूंगरपुर में राजेंद्र सिंह जैन और श्रीगंगानगर में सुरेश शर्मा को भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने की जिम्मेदारी दी गई है. ये सभी नियुक्तियां 'विशेष चयन नियम 2011' के तहत की गई हैं.
यह भी पढ़ें-
राजस्थान लाया जा रहा 234 Kg प्रतिबंधित केमिकल बरामद, ANTF ने 1500 KM तक किया पीछा