जोधपुर में एक बार फिर प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है. उम्मेद हॉस्पिटल में 2 दिनों के भीतर पांच प्रसूताओं को भर्ती करवाया गया है. इनमें 3 प्रसूताएं आईसीयू में भर्ती हैं और एक वेंटिलेटर पर है. हॉस्पिटल प्रशासन के मुताबिक, एक महिला सरोज को ओसियां से रेफर किया गया था, उसे कार्डियक प्रॉब्लम थी. इसी दौरान सिजेरियन डिलीवरी करने पड़ी और सरोज वेंटिलेटर पर है. हालत में सुधार होने पर एमआरआई करवाई जाएगी.
ब्लीडिंग की शिकायत के चलते रेखा ऑक्सीजन सपोर्ट पर
वहीं, रेखा को शुक्रवार (18 जुलाई) को पाली के प्राइवेट हॉस्पिटल से रेफर किया गया था. उसे ब्लीडिंग की दिक्कत थी. ब्लडिंग ज्यादा होने पर शुक्रवार (17 जुलाई) को वेंटिलेटर पर रखा गया था, जो अब हटा दिया गया है. महिला फिलहाल ऑक्सीजन सपोर्ट पर है.
प्लेटलेट्स कम होने से भी बिगड़ी तबीयत
जबकि पूजा को शेरगढ़ से उम्मेद लाया गया था, उसे भी ब्लडिंग की समस्या होने के चलते आईसीयू में भर्ती किया गया. रोशनी को नागौर के प्राइवेट हॉस्पिटल से उम्मेद रेफर किया गया. महिला बीपी की मरीज बताई जा रही है. इसके अलावा, एक अन्य महिला बज्जू को जैतारण के प्राइवेट हॉस्पिटल से रेफर किया गया था. उसकी प्लेटलेट्स कम थी.
डॉक्टर बोले- दवाइयों में कोई गड़बड़ी नहीं
उम्मेद हॉस्पिटल के सुप्रीडेंट डॉ. मोहन मकवाना ने बताया कि सभी प्रसूता अलग-अलग सेंटर से रेफर हुई थीं, लेकिन कुछ में कॉम्प्लिकेशन ज्यादा थी. पाली से एक मरीज को वेंटिलेटर पर रखना पड़ा था, जिसे हटा दिया था. अन्य की हालत में सुधार है. सभी को एक जैसी दवाई दी जा रही है. ऐसे में मेडिसिन को लेकर कोई संशय नहीं है. निर्देश मिलने की स्थिति में मेडिसिन की जांच भी करवा दी जाएगी.
यह भी पढ़ेंः मेवाड़ यूनिवर्सिटी फर्जी डिग्री रैकेट में SOG का एक्शन, लेक्चरर भर्ती में धांधली का आरोपी गिरफ्तार