बूंदी में इंद्रगढ़ क्षेत्र के लबान गांव में खास मौका था, जब पहली बार दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे के बीच बनाए गए हेलीपैड पर किसी मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर उतरा. मुख्यमंत्री ने एक्सप्रेस-वे का हवाई निरीक्षण भी किया और परियोजना की प्रगति का जायजा लिया. हेलीपैड पर शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, पूर्व मंत्री बाबूलाल वर्मा और पूर्व विधायक चंद्रकांता मेघवाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया. स्वागत के दौरान बूंदी की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक भी दिखाई दी. स्थानीय लोक कलाकारों ने पारंपरिक कच्ची घोड़ी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया.
कार्यक्रम स्थल पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पंच गौरव उत्पादकों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया. उन्होंने स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, कृषि आधारित नवाचारों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉल पर जाकर उत्पादकों से संवाद किया और स्थानीय स्तर पर रोजगार व स्वरोजगार को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की.
गडकरी का स्पीकर ओम बिरला और सीएम ने किया स्वागत
कुछ ही देर बाद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी भी लबान पहुंचे. उनके आगमन पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उनका स्वागत किया. इस दौरान ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे. कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, भाजपा कार्यकर्ता और आमजन भी पहुंचे.
मील का पत्थर साबित होगा एक्सप्रेसवे- ओम बिरला

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का राजस्थान दौरा.
इसके बाद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हाईवे किनारे आयोजित नुक्कड़ सभा में भाग लिया. सभा को संबोधित करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे राजस्थान के विकास की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा. उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रयासों से यह महत्वाकांक्षी परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है. परियोजना पूर्ण होने के बाद किसानों, उद्योगों, व्यापारियों और आम नागरिकों को इसका सीधा लाभ मिलेगा. उन्होंने कहा कि दिल्ली और मुंबई की यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा, जिससे परिवहन, व्यापार और निवेश को नई गति मिलेगी.
बूंदी जिले की कनेक्टिविटी भी होगी मजबूत

केंद्रीय परिवहन मंत्री ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के कार्यां का जायजा लिया.
नुक्कड़ सभा के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को बूंदी की ऐतिहासिक धरोहर से जुड़ी एक स्मृति-चित्र भेंट कर उनका सम्मान किया. कार्यक्रम के बाद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का काफिला दिल्ली–बड़ौदा–मुंबई एक्सप्रेस-वे के निरीक्षण के लिए रवाना हुआ. उनके साथ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर तथा ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर भी मौजूद रहे. सभी नेताओं ने एक्सप्रेस-वे की निर्माण प्रगति, गुणवत्ता और विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. इस ऐतिहासिक दौरे को बूंदी जिले के विकास और क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
यह भी पढ़ेंः जयपुर में 4 महीने के भीतर दूसरी बार जमीन की कीमतों में होगा उछाल, रजिस्ट्री से होम लोन पर क्या होगा असर?