पंजाब नेशनल बैंक में बड़ा फ्रॉड, किसी के लॉकर से सोना गायब तो किसी के नाम पर फर्जी लोन; 60 करोड़ का फर्जीवाड़ा

Rajasthan News: बैंक के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक मुकेश कुमार सिहाग ने दो दिन पहले नवलगढ़ थाने में अमित, अनंतप्रकाश और संतोष सैनी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था, जिसके कल सामने आने के बाद हड़कंप मचा हुआ है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
राजस्थान: झुंझुनूं के पंजाब नेशनल बैंक में बड़ा फ्रॉड

Rajasthan News: राजस्थान के झुंझुनूं जिले में पंजाब नेशनल बैंक के लॉकर से असली सोना निकालकर नकली सोना रखने के मामले में बड़ी जानकारी सामने आई है. बैंक के तत्कालीन मैनेजर और डिप्टी मैनेजर ने बैंक के बीसी संचालक के साथ मिलकर न सिर्फ सोने को लॉकर से गायब करने का खेल खेला, बल्कि लोन धारकों को लोन की पूरी रकम भी नहीं दी. बैंक लॉकर से जब असली सोना निकालकर नकली सोना रखने की बात पता चली तो कई ग्राहक ऐसे भी सामने आए, जिन्होंने बैंककर्मियों पर फर्जीवाड़ा करने का आरोप लगाया है. पीड़ितों का कहना है कि यह सिर्फ साढ़े छह करोड़ के सोना का मामला नहीं है, बल्कि 60-70 करोड़ रुपये फर्जीवाड़ा है.

बैंक पहुंचे पीड़ित तो पता चला फर्जीवाड़ा

हफ्तेभर से जो मामला सिर्फ बैंक और कुछ ग्राहकों के बीच था. अब वो सबके सामने आने के बाद बड़ी संख्या में पीड़ित भी बैंक पहुंचे और अब मामले में नए-नए खुलासे हो रहे हैं. बैंक के तत्कालीन मैनेजर अमित कुमार और डिप्टी मैनेजर अनंतप्रकाश ने बैंक के बीसी संचालक संतोष सैनी के साथ मिलकर न केवल असली गोल्ड को पार करके बैंक लॉकर में नकली गोल्ड रख दिया, बल्कि लोन धारकों को लोन की पूरी राशि तक नहीं दी. यहीं नहीं कुछ ऐसे मामले भी सामने आए हैं, जिसमें गलत तरीके से लोन उठाकर खुद ही राशि हड़प ली.

तत्कालीन बैंक मैनेजर, डिप्टी मैनेजर और बीसी संचालक

लोन भैंस का है, पर घर में बकरी तक नहीं

एक महिला ने बताया कि उसने बीसी संचालक संतोष सैनी से प्लॉट को गिरवी रखकर सात लाख रुपए लोन लेने की बात कही थी. संतोष सैनी ने दो लाख रुपए घूस के मांगे और बाद में सिर्फ 50 हजार रुपए दिए. जब महिला का पति विदेश से आया और वह बैंक गया तो पता चला कि उसकी पत्नी के नाम से भैंस पर लोन भी चल रहा है, जबकि उसके घर में तो बकरी तक नहीं है. न ही पत्नी बैंक में कभी गई.

इसी तरह एक व्यक्ति को दो साल पहले तत्कालीन मैनेजर अमित कुमार ने महिला शक्ति योजना में साढ़े 09 लाख रुपए का लोन दिया. इसमें से पांच लाख रुपए खुद ही रख लिए और 50-50 हजार रुपए हर महीने देना का वादा किया. पर अब तक एक रुपये नहीं दिया. इस व्यक्ति को भी तीन गोल्ड लोन दिए. जिनमें से दो गोल्ड लोन के गहने गायब हैं. एक गोल्ड लोन के गहने भी जमा करवाए गए, जिनमें से आधे गहने पार हैं. एक महिला का 680 ग्राम के करीब सोना गायब है.

Advertisement

फर्जीवाड़े का शिकार हुए लोग

पीड़ित बोले- 6 करोड़ नहीं, 60-70 करोड़ का फर्जीवाड़ा

अन्य ग्राहक भी अपने गहनें और लॉकर में रखे सामान को संभालने बैंक में पहुंच रहे हैं. पीड़ितों का कहना है कि यह फर्जीवाड़ा सिर्फ छह-साढ़े छह करोड़ का नहीं, बल्कि 60-70 करोड़ का है. कुछ पीड़ित तो एक हफ्ते से अपने गोल्ड को लेने के लिए चक्कर काट रहे हैं, लेकिन बैंक के पास ना कोई जवाब है और ना ही कोई समाधान. इधर, बैंक प्रबंधन ने मामले को लेकर तत्कालीन मैनेजर अमित कुमार, डिप्टी मैनेजर अनंत प्रकाश समेत करीब आधा दर्जन कर्मचारियों को सस्पैंड कर दिया है.

पुलिस मामले में कुछ संदिग्धों से पूछताछ कर रही है. मैनेजर अमित फरार बताया जा रहा है. पीड़ितों की मांग है कि उन्हें जल्द से जल्द उनका गोल्ड लौटाया जाए या फिर यह साफ किया जाए कि उन्हें कब तक गोल्ड या पैसा मिलेगा.

2 दिन पहले तीन लोगों के खिलाफ दर्ज हुई थी एफआईआर

मामले में बैंक के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक मुकेश कुमार सिहाग ने दो दिन पहले नवलगढ़ थाने में अमित, अनंतप्रकाश और संतोष सैनी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया था, जिसके कल सामने आने के बाद हड़कंप मचा हुआ है. मामले के बाद पंजाब नेशनल बैंक के हनुमानगढ़ सर्किल से एजीएम सुधीर कुमार सोहू के नेतृत्व में भी एक टीम नवलगढ़ पहुंच गई है. एजीएम सुधीर कुमार सोहू ने कहा कि पुलिस में एफआईआर दर्ज करवा दी गई है. बैंक के साथ उनके ही अधिकारी-कर्मचारी व एजेंट ने धोखा किया है, लेकिन ग्राहकों के साथ कोई धोखा नहीं होगा. सर्किल की टीम इस मामले में ग्राहकों को क्लेम देने के लिए पूरा प्लान तैयार कर रही है. हम सभी ग्राहकों को ना उनका क्लेम देंगे, बल्कि संतुष्ट भी करेंगे.

Advertisement

यह भी पढे़ं- 

राजस्थान: पंजाब नेशनल बैंक के लॉकर से 4 किलो सोना गायब, असली की जगह रखा नकली सोना

पाकिस्तान से आया फ्रॉड कॉल तो उसी से कर ली ठगी की डील, नेटवर्क बनाकर अपने ही लोगों को बनाने लगा निशाना