Rajasthan News: राजस्थान पुलिस अब अपने जवानों को तनावमुक्त और तंदुरुस्त रखने के लिए एक नई राह पर चल पड़ी है. व्यस्त ड्यूटी और भागदौड़ भरी दिनचर्या के बीच पुलिसकर्मियों को मानसिक सुकून और बेहतर स्वास्थ्य देने के उद्देश्य से पुलिस विभाग ने रविवार को 'हेल्थ डे' के रूप में मनाने का फैसला किया है. खेल मंत्रालय के निर्देशों के तहत शुरू हुआ 'संडेज ऑन साइकिल' अभियान अब प्रदेश के हर पुलिस थाने, बटालियन और ट्रेनिंग सेंटर में एक उत्सव की तरह नजर आएगा.
सेहत के लिए सुबह का खास डोजअतिरिक्त महानिदेशक पुलिस आर्म्ड बटालियन एवं मुख्य खेल अधिकारी रुपिंदर सिंह ने प्रदेश भर के सभी पुलिस अधिकारियों को इस कार्यक्रम की व्यापक तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं. हर रविवार सुबह 6 बजे से 7:30 बजे के बीच पुलिस परिसरों का माहौल बिल्कुल बदला हुआ दिखेगा. जवानों की दिन की शुरुआत शांतिपूर्ण योगा सत्र के साथ होगी.
इसके बाद उन्हें ऊर्जावान बनाए रखने के लिए जुम्बा डांस, रस्सी कूद और साइकिलिंग जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. स्थानीय मौसम और स्थितियों को देखते हुए संबंधित अधिकारी समय में थोड़ा बदलाव भी कर सकेंगे.
राष्ट्रमंडल खेलों के जश्न में डूबेगी खाकी
इस बार के आयोजन में 'कॉमनवेल्थ गेम्स' की थीम को खास तौर पर शामिल किया गया है. भारत द्वारा 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की दावेदारी जीतने के उत्साह को देखते हुए यह अभियान पुलिस और खेल प्रेमियों के लिए एक बड़ा गौरव का पल बन गया है. यह सिर्फ एक कसरत का आयोजन नहीं है बल्कि फिट इंडिया मूवमेंट के जरिए देश में खेल संस्कृति को जड़ से मजबूत करने का एक बड़ा संकल्प है.
राजस्थान पुलिस की फिटनेस
पुलिस मुख्यालय ने यह भी साफ किया है कि इन कार्यक्रमों की बेहतरीन तस्वीरें और वीडियो राजस्थान पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शेयर किए जाएंगे. इसका मकसद न सिर्फ जवानों का हौसला बढ़ाना है बल्कि आमजन को भी फिटनेस के प्रति प्रेरित करना है. पुलिस का यह प्रयास समाज में एक सकारात्मक संदेश लेकर आएगा कि स्वस्थ शरीर और शांत मन से ही बेहतर सेवा की जा सकती है.