Rajasthan: राजस्थान पुलिस ने CEIR पोर्टल से ढूंढे 35 हजार से ज्यादा मोबाइल, पीड़ितों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

Rajasthan News: राजस्थान पुलिस ने CEIR पोर्टल की मदद से 2025-26 में हजारों चोरी हुए मोबाइल बरामद किए. इन मिले हुए मोबाइल को पुलिस ने इनके मालिकों को पहुंचाया है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
चोरी हुए मोबाइल
NDTV

Jaipur News: मोबाइल चोरी या गुम होने पर अब आपको निराश होने या थाने के अंतहीन चक्कर लगाने की जरूरत नहीं . राजस्थान पुलिस ने CEIR पोर्टल की मदद से एक बड़ी कामयाबी हासिल की है. पिछले साल से अब तक पुलिस ने हजारों मोबाइल बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंपकर करोड़ों रुपये की संपत्ति सुरक्षित की है.

करोड़ों की कीमत, हजारों मोबाइल बरामद

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, साल 2025 में राजस्थान भर से कुल 7,02,199 मोबाइल फोन चोरी या गुम हुए थे. राजस्थान पुलिस के लिए इन फोन को ट्रैक करना एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन तकनीकी टीम ने CEIR पोर्टल का प्रभावी उपयोग करते हुए 28,510 मोबाइल बरामद कर पीड़ितों को लौटाए.  वहीं, साल 2026 के शुरुआती महीनों में भी अब तक 17,873 फोन चोरी हुए हैं, जिनमें से 8,384 मोबाइल पुलिस पहले ही रिकवर कर चुकी है.

Advertisement


कैसे काम करता है CEIR पोर्टल?

साइबर पुलिस मुख्यालय के इंस्पेक्टर गजेंद्र शर्मा ने बताया कि इस पोर्टल की कार्यप्रणाली बेहद सटीक है. जैसे ही कोई चोरी के मोबाइल में नया सिम डालता है, पोर्टल तुरंत पुलिस और पीड़ित को अलर्ट भेज देता है. यदि मोबाइल में सिम नहीं भी डाली गई हो और चोर उसे वाई-फाई या इंटरनेट से जोड़ता है, तो भी उसकी लोकेशन ट्रेस हो जाती है. पोर्टल के जरिए चोरी हुए फोन को ब्लॉक किया जा सकता है, जिससे वह चोर के लिए महज एक 'डिब्बा' बनकर रह जाता है.

पीड़ितों के लिए आसान हुई राह

अब मोबाइल गुम होने पर पीड़ित को परेशान होने की जरूरत नहीं है. बस अपने नजदीकी थाने में एक गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाएं और उसकी डिटेल सीधा गूगल पर उपलब्ध CEIR पोर्टल पर अपलोड कर दें। इसके बाद से ही मोबाइल की ऑटोमेटिक ट्रैकिंग शुरू हो जाती है, राजस्थान पुलिस की विशेष टीमों ने न केवल राज्य के भीतर, बल्कि दूसरे राज्यों में भी जाकर इन मोबाइल्स को बरामद किया है.

यह भी पढ़ें: Rajasthan: जयपुर में 400 करोड़ के 'डिजिटल सिग्नेचर' की साइबर सेंधमारी, राजस्थान से लेकर दुबई तक जुड़े हैं तार